बांकीपुर से जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन रद्द, तेज प्रताप ने बताया साजिश

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव से पहले एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। तेज प्रताप यादव की ‘जनशक्ति जनता दल’ की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन रद्द कर दिया गया है। वीणा मानवी ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया था। इसके तुरंत बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। अब उनके नामांकन रद्द होने के खबर है।

तेज प्रताप ने लगाया साजिश का आरोप

नामांकन खारिज होने की जानकारी मिलते ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे और निर्वाची पदाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। निर्वाची पदाधिकारी से मिलने के बाद तेज प्रताप यादव ने मीडिया से कहा कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार के साथ साजिश की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर वीणा मानवी का नामांकन रद्द कराया गया है। 

तेज प्रताप ने दी कोर्ट जाने की चेतावनी

तेज प्रताप ने आगे कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और इस फैसले को अदालत में चुनौती दी जाएगी। उन्होंने कहा, हम कोर्ट जाएंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। हमारी उम्मीदवार के साथ अन्याय हुआ है और हमें न्याय जरूर मिलेगा।

नामांकन के बाद हुई थी गिरफ्तारी

बता दें कि वीणा मानवी ने 13 जुलाई सोमवार को को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जनशक्ति जनता दल की ओर से नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद पटना पुलिस ने उन्हें एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने उन्हें कथित तौर पर धोखाधड़ी (आईपीसी की धारा 420) से जुड़े एक मामले में समाहरणालय परिसर से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के विरोध में उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा भी किया। हालांकि, देर शाम उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी।

10 उम्मीरवारों का नामांकन रद्द

मिली जानकारी के मुताबिक, बांकीपुर उपचुनाव में वीणा मानवी अकेली नहीं है, जिनका नामांकन रद्द किया गया है। उनके साथ निर्दलीय उम्मीदवार प्रिय किन्नर और अन्य 8 प्रत्याशियों का नामांकन रद्द किया गया है। यानी आज हुई नामांकन की जांच में 10 प्रत्याशियों का पर्चा खारिज हो गया।

Share This Article