रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड विधानसभा पहुंचकर राज्य के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मन्नान मल्लिक को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मन्नान मल्लिक ने अपना संपूर्ण सार्वजनिक जीवन जनसेवा और समाज के वंचित, शोषित एवं पीड़ित वर्गों की आवाज़ बुलंद करने के लिए समर्पित किया। विशेष रूप से धनबाद की जनता के बीच उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
सीएम ने कहा कि मन्नान मल्लिक का निधन झारखंड की राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
मन्नान मल्लिक के निधन के बाद लगातार राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और समर्थकों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। उनके अंतिम दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

