बिहार में अब ‘माई बहिन मान योजना’ : महागठबंधन का वादा, सरकार बनने पर हर महिला को मिलेंगे ₹2500 प्रति माह

KK Sagar
3 Min Read
Oplus_16908288

बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 से पहले महागठबंधन ने महिलाओं के लिए एक बड़ी और महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया है। कांग्रेस पार्टी की ओर से ‘माई बहिन मान योजना’ की घोषणा की गई है, जिसके तहत राज्य की जरूरतमंद महिलाओं को प्रतिमाह ₹2500 की सीधी आर्थिक सहायता दी जाएगी।

क्या है ‘माई बहिन मान योजना’?

कांग्रेस महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने मंगलवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस योजना का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो राज्य की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को ‘माई बहिन मान योजना’ के तहत ₹2500 प्रतिमाह की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

अलका लांबा ने कहा,
“बिहार की महिलाएं लंबे समय से बदलाव की प्रतीक्षा कर रही हैं। माई बहिन मान योजना न सिर्फ आर्थिक मदद देगी, बल्कि महिलाओं को सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे ले जाएगी।”

मिस्ड कॉल से होगा पंजीकरण

महिलाओं को इस योजना से जोड़ने के लिए कांग्रेस ने एक मिस्ड कॉल नंबर भी जारी किया है। इस नंबर पर कॉल करके महिलाएं योजना में पंजीकरण करवा सकती हैं। पार्टी की रणनीति है कि चुनाव से पहले अधिक से अधिक महिलाओं तक इस योजना की जानकारी पहुंचे और उन्हें जोड़ लिया जाए।

तेजस्वी यादव ने पहले ही किया था वादा

गौरतलब है कि इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव भी महिलाओं को ₹2500 प्रतिमाह देने का वादा कर चुके हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की थी कि यदि उनकी सरकार बनती है तो राज्य में 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी।

महिला मतदाताओं पर फोकस

बिहार में महिला मतदाताओं की संख्या लगभग 3.72 करोड़ है, और पिछले चुनावों में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक रहा है। यही कारण है कि सभी दल महिलाओं को लुभाने के लिए योजनाओं और घोषणाओं की बौछार कर रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह योजना मध्य प्रदेश की ‘लाड़ली बहना योजना’ की तर्ज पर लाई गई है, जिसने वहां की राजनीति में बड़ा असर डाला था। अब बिहार में भी कांग्रेस और महागठबंधन इसी तरह महिला वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

नीतीश सरकार पर तंज

अलका लांबा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। “अब समय आ गया है कि बिहार की महिलाएं अपने भविष्य के लिए एक निर्णायक कदम उठाएं,” उन्होंने कहा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....