मेडिकल में दाखिले के लिए देश की सबसे अहम परीक्षा नीट 2026 का पेपर लीक हो गया था। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी एनटीए ने नीट परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया था जिसके बाद पूरे देश में जमकर हंगामा हुआ था। अब एनटीए ने नीट 2026 को दोबारा आयोजित करने की तारीख घोषित कर दी है। री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा। इस ऐलान के बाद शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने नीट परीक्षा को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने सबसे बड़ी जानकारी ये भी दी कि अगले साल से नीट की परीक्षा ऑनलाइन मोड में होगी।
शिक्षा मंत्री ने मानी पेपर लीक की बात
नीट परीक्षा की नई तारीख घोषित होने के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस पर डिटेल में जानकारी दी।उन्होंने कहा, हम छात्रों के भविष्य के प्रति संवेदनशील हैं। माफियाओं को सफल नहीं होने देंगे। ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार बर्दाश्त न करने की नीति अपना रही है। शिक्षा मंत्री ने इस बात को माना कि नीट का पेपर लीक हुआ। उन्होंने माना कि राधाकृष्णन आयोग की रिपोर्ट को पूरी तरह से लागू करने के बावजूद कमान श्रृंखला में सेंध लगी थी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले की तह तक जाएगी। गड़बड़ी की कोशिश करने वालों को सजा दी जाएगी।
पेपर लीक मामले पर क्या बोले धर्मेंद्र प्रधान?
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, छात्रों के भविष्य की चिंता सरकार की प्राथमिकता है। एनटीए की परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, 7 मई को एनटीए को कहीं से आपत्ति मिली कि गेस पेपर के कुछ प्रश्न इस वर्ष के प्रश्नपत्र में आ गए हैं। एनटीए और सरकार ने तुरंत इसकी जांच की। राज्य एजेंसियों से संपर्क किया गया। जब हमें यह स्पष्ट हो गया कि इस बार प्रश्नपत्र लीक हुआ है तो हम नहीं चाहते थे कि शिक्षा माफियाओं की साजिश के चलते सही छात्रों के साथ गलत हो। इसलिए, हमने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी।
परीक्षा का समय भी बढ़ाया गया
प्रधान ने कहा, अब जो परीक्षा होगी, उसकी कोई फीस नहीं होगी। विद्यार्थियों पर कोई आर्थिक बोझ ना आए, हम उसका दायित्व ले रहे हैं। परीक्षा का समय भी बढ़ाया जाएगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से लेकर 5:15 बजे तक होगी। एनटीए ने उन उम्मीदवारों की सबसे बड़ी टेंशन दूर कर दी है जो कोचिंग छोड़कर अपने घर लौट चुके थे। अब उम्मीदवारों को एक सप्ताह का समय दिया जाएगा, जिसमें वे अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा के लिए शहर चुन सकेंगे। यह विंडो जल्द ही खुलेगी और इसके आधार पर 14 जून तक नीट यूजी के एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे।
बसों या विशेष ट्रेनों की व्यवस्था करेगी सरकार
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आर्थिक बोझ न उठाना पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार राज्य सरकारों से बात करेगी। कोशिश की जा रही है कि उम्मीदवारों के लिए बसों या विशेष ट्रेनों की ऐसी व्यवस्था हो, जिससे वे आसानी से सेंटर तक पहुंच सकें। एनटीए यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने साफ कर दिया है कि फीस वही रहेगी और अतिरिक्त खर्चों का दायित्व एजेंसी खुद निभाएगी।
अगले साल से बदल जाएगा नीट परीक्षा का फॉर्मेट
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ा ऐलान करने हुए कहा कि अगले साल से नीट की परीक्षा कंप्यूटर से होगी। यानी कि अब नीट परीक्षा का फॉर्मेट बदलने जा रहा है और अब परीक्षा OMR शीट पर नहीं होगी।

