डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: ओम बिरला या के सुरेश किसे मिलेगा लोकसभा अध्यक्ष का पद: लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए बुधवार यानी आज सुबह 11 बजे चुनाव होना है। इसको लेकर लोकसभा में सभी सदस्य मतदान करने के लिए तैयार है।
दोनों नेताओं के बीच काटे की टक्कर
वहीं, दशकों पुरानी परंपरा को तोड़ते हुए भाजपा सांसद ओम बिरला और कांग्रेस सांसद के सुरेश ने मंगलवार को अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन (Lok Sabha Speaker Election) दाखिल किया है। राजस्थान के कोटा से तीन बार के सांसद ओम बिरला और केरल के मवेलीकारा से 8 बार के सांसद कोडिकुन्निल सुरेश के बीच आज सीधा मुकाबला है।
लोकसभा चुनाव के नतीजों से उत्साहित कांग्रेस ने एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने के लिए भाजपा के सामने शर्त रखी कि विपक्ष को उपसभापति का पद मिले। हालांकि, विपक्ष की “दबाव” की राजनीति के आगे भाजपा नहीं झुकी और भाजपा ने चुनाव का सामना करने का फैसला किया।
18वीं लोकसभा के समक्ष उठे पहले मुद्दे पर आम सहमति न बन पाना, विपक्ष की सरकार को यह संदेश देने की मंशा को दिखाता है कि महत्वपूर्ण मामलों में उसे दबाया नहीं जा सकता है।
सदन के अंदर ऐसे होता है अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव
लोकसभा में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों को सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के साधारण बहुमत से चुना जाता है। साधारण बहुमत का मतलब ये है कि सदन में उस वक्त जितने सांसद मौजूद होंगे उनमें 50 फीसदी से ज्यादा वोट जिसे मिलेंगे वो लोकसभा अध्यक्ष यानी स्पीकर चुन लिया जाता है।
मौजूदा परिस्थिति में लोकसभा में 542 सांसद हैं। राहुल गांधी एक सीट वायनाड से अपना इस्तीफा दे चुके हैं तो उसपर उपचुनाव बाकी है। ऐसे में 542 सीटों में से 293 सीटें एनडीए के पास हैं। वहीं, 542 का आधा 271 होता है। इस तरह भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के पास सदन में बहुमत है और उसे अपनी पसंद का अध्यक्ष चुनने में कोई कठिनाई नहीं होने की संभावना है। लेकिन INDIA ब्लॉक के लिए यह आसान काम नहीं होगा क्योंकि उन्हें चुनाव जीतने के लिए 271 वोटों की आवश्यकता होगी। जहां तक संख्या की बात है, एनडीए के पास लोकसभा में 293 सदस्य हैं, जबकि इंडिया ब्लॉक के पास 233 हैं।
यहां पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।