पहली सोमवारी पर बाबा धाम फुल, 8 KM लंबी कतार में जलाभिषेक के लिए डटे लाखों श्रद्धालु :नंदन पहाड़ तक पहुंची श्रद्धालुओं की लाइन

KK Sagar
4 Min Read
पहली सोमवारी पर देवघर, बाबा बैधनाथ धाम में श्रद्धांलुओं की भीड़

सुबह पट खुलते ही शुरू हुआ जलाभिषेक; सुरक्षा के लिए ड्रोन, सीसीटीवी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पट गया। रविवार देर रात से ही देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कांवरिये और श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए कतार में लगने लगे। स्थिति यह रही कि शिवराम झा चौक से नंदन पहाड़ तक करीब आठ किलोमीटर लंबी कतार में लाखों श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते रहे।

सोमवार सुबह करीब 4:10 बजे बाबा मंदिर का पट खुलते ही वैदिक मंत्रोच्चार और “बोल बम” के जयघोष के बीच जलाभिषेक शुरू हुआ। पहली सोमवारी पर जलार्पण की विशेष धार्मिक मान्यता के कारण श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मंदिर प्रबंधन के अनुसार जलार्पण का क्रम देर शाम तक लगातार जारी रहने की संभावना है।

जिला प्रशासन के अनुसार पहली सोमवारी पर करीब 2 से 2.5 लाख श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने का अनुमान है। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि श्रावण की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक का विशेष महत्व होता है, इसलिए हर वर्ष इसी दिन सबसे अधिक भीड़ उमड़ती है।

अभूतपूर्व भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। रविवार रात मंदिर का पट बंद होने के बाद श्रद्धालुओं को कतार में ही रोका गया, जहां हजारों श्रद्धालु पूरी रात अपनी बारी का इंतजार करते रहे। पूरे मेला क्षेत्र में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पहली सोमवारी को देखते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अवधि भी बढ़ाई गई है। प्रशासन का अनुमान है कि देर रात तक श्रद्धालुओं की संख्या और कतार दोनों में लगातार वृद्धि होती रहेगी।

प्रशासन ने क्या कहा?

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संख्या प्रारंभिक अनुमान से अधिक रही है। नंदन पहाड़ तक कतार पहुंच चुकी है, लेकिन सभी श्रद्धालु अनुशासित तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं का सुरक्षित और सुगम जलाभिषेक सुनिश्चित हो।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। भीड़ प्रबंधन के लिए सभी अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) रवि कुमार ने कहा कि भीड़ नियंत्रण, रूट लाइन प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि किसी भी श्रद्धालु को अनावश्यक परेशानी न हो और जलार्पण की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित होती रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....