धनबाद में रेलवे प्रशासन ने रविवार को “ऑपरेशन भूमि” के तहत बड़ी अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई चलाते हुए रेल जमीन पर बने लगभग 100 अवैध घरों को ध्वस्त कर दिया। यह संयुक्त अभियान पूर्व मध्य रेलवे धनबाद मंडल, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय बैंक मोड़ थाना पुलिस के सहयोग से चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई LHS के समीप कतरास लाइन धनबाद क्षेत्र में की गई, जहां लंबे समय से रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा कर कच्चे एवं पक्के मकान बनाए गए थे। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के AEn/DHN और IOW/Work-II की निगरानी में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया।
अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बैंक मोड़ थाना धनबाद से एक SI समेत 19 पुलिसकर्मी और RPF पोस्ट धनबाद से एक ASI, तीन हेड कांस्टेबल तथा दो कांस्टेबल तैनात रहे। अधिकारियों के अनुसार पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जिन मकानों को हटाया गया, उन्हें पहले ही नियमानुसार नोटिस दिया जा चुका था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर “ऑपरेशन भूमि” के तहत यह सख्त कार्रवाई की गई। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि रेल संपत्ति पर अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

