ऑपरेशन सतर्क: धनबाद स्टेशन पर मोबाइल तस्करी का बड़ा खुलासा, 35 लाख से अधिक के 205 चोरी के स्मार्टफोन बरामद, दो गिरफ्तार

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद। ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी धनबाद की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली से चोरी के मोबाइल फोन बंगाल ले जाए जा रहे दो तस्करों को धनबाद रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से कुल 205 अदद स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 35,48,146 रुपये बताई जा रही है।

निरिक्षण के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा

23 जनवरी 2026 को वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में RPF पोस्ट धनबाद, CIB धनबाद एवं GRPS धनबाद की संयुक्त टीम ने धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-05 (कालका छोर) पर सुबह करीब 09:30 बजे दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो पिट्ठू बैग और दो झोलों से बिना सिम कार्ड के बड़ी संख्या में स्मार्टफोन बरामद हुए।

आरोपियों ने स्वीकार किया चोरी की वारदात

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि सभी मोबाइल दिल्ली के लोनी गोलचक्कर से चोरी के हैं। ये मोबाइल शहंशाह (साहेबगंज, झारखंड) और कारू महताब (साहेबगंज, झारखंड) से लेकर बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र में रहने वाले उबई (पिता– मो. नजरुल इस्लाम) को देने ले जाए जा रहे थे, जिसके बदले उन्हें पैसे मिलने थे।

IMEI नंबर बदल देता था

आरोपियों ने बताया कि उबई इन मोबाइल फोनों के IMEI नंबर तकनीकी रूप से बदल देता था, ताकि चोरी के मोबाइल की पहचान न हो सके। इसके बाद वह मोबाइल का निष्पादन अपने स्तर से करता था।

गिरफ्तार आरोपियों में

राज शेख, निवासी– बलियाडंगा, थाना– कालियाचक, जिला– मालदा (प. बंगाल)

मोहम्मद सबीब जहान, थाना– कालियाचक, जिला– मालदा (प. बंगाल)

शामिल हैं।

दो वर्षों से इस धंधे में संलिप्त

पूछताछ में मोहम्मद सबीब जहान ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से इस धंधे में संलिप्त है और अब तक करीब 2500 चोरी के मोबाइल दिल्ली से बंगाल पहुंचा चुका है। वहीं राज शेख ने बताया कि वह छह महीनों से इस गिरोह से जुड़ा है और लगभग 600 मोबाइल सप्लाई कर चुका है।

बरामद सभी मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। इस संबंध में राजकीय रेल थाना धनबाद कांड संख्या 28/26 (दिनांक 24/01/2026) के तहत BNS की धारा 317(5), 3(5) में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है। मामले की जांच सहायक अवर निरीक्षक नंदलाल राम को सौंपी गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....