गुरु अर्जुन देव के शहादत की याद में लगा शबील, लोगों के बीच चना, तरबूज व मीठे जल का वितरण

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : सिखों के पांचवे गुरु, गुरु अर्जन देव ने गुरुग्रंथ साहब के संपादन के बाद पहला प्रकाश हरमंदिर साहब अमृतसर में कराया। गुरुग्रंथ साहब जी में सभी धर्मों का सत्कार और प्रेम से जीने का संदेश है। उस वक्त की मुगल बादशाहत की धर्म के प्रति कट्टर सोच के कारण गुरु अर्जन देव को गर्म तवे पर बैठाकर, शरीर पर गर्म रेत डालकर और गर्म पानी में उबाल कर शहीद किया गया। लेकिन गुरु साहब अडोल रहे और संसार को वाहेगुरु के हुकुम में रहने का संदेश दिया। आज गुरु अर्जन देव जी के इसी संदेश को आगे बढ़ते हुए सोनारी की सिख संगत और जोड़ी राइडर्स के सदस्यों ने कागलनगर बाजार में शबील का आयोजन किया। जिसमें सभी लोगों ने तन मन धन से सेवा भाव निभाई। इसमें लोगों के बीच चना, तरबूज और मीठे जल का वितरण किया गया। इसके बाद सभी सदस्यों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार भगवान सिंह और झारखंड गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरदार शैलेंद्र सिंह, केंद्रीय स्त्री सत्संग समिति की प्रधान बीबी कमलजीत कौर, झारखंड सिख प्रतिनिधि बोर्ड के प्रधान गुरुशरण सिंह बिल्ला और गुरु रामदास सेवा दल के सरदार गुरुदयाल सिंह और अपने साथियों के साथ शामिल हुए और उनके साथ अन्य अनेक गणमान्य लोगों ने भी आकर सारे सदस्यों की हौसला अफजाई की।

Share This Article