धनबाद वाशिंग पिट से रेलवे के 10 स्टील नल चोरी करते आउटसोर्सिंग कर्मचारी गिरफ्तार : RPF ने रंगे हाथ दबोचा

KK Sagar
2 Min Read

चोरी की रेल संपत्ति की कीमत ₹1,210; कबाड़ी तक पहुंची टीम को नहीं मिला कोई सामान

धनबाद रेलवे यार्ड के वाशिंग पिट क्षेत्र से रेलवे संपत्ति चोरी करने के आरोप में एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से रेलवे कोच के बाथरूम में इस्तेमाल होने वाले 10 स्टील के नल (ग्रेविटी कॉक) बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 को RPF पोस्ट धनबाद के अधिकारी और जवान गश्त पर थे। इसी दौरान धनबाद यार्ड वाशिंग पिट के हावड़ा छोर के पास एक व्यक्ति को रेलवे कैरेज एवं वैगन विभाग के कोच से चोरी किए गए 10 स्टील नल ले जाते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान दुर्गा बांसफोर (42 वर्ष) निवासी पुराना स्टेशन धोबिया तालाब, धनसार, धनबाद के रूप में बताई।

आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले एक वर्ष से King Security Guard Service Pvt. Ltd. के माध्यम से वाशिंग पिट में आउटसोर्सिंग स्टाफ के रूप में सफाई का कार्य कर रहा था। उसने बताया कि नशे के लिए पैसों की जरूरत होने के कारण उसने रेलवे कोच के बाथरूम से नल चोरी किए थे और उन्हें रंगाटांड़ स्थित एक कबाड़ी को बेचने जा रहा था।

Advertisement

आरोपी की निशानदेही पर RPF की टीम रंगाटांड़ स्थित कबाड़ी दुकान पहुंची, लेकिन वहां तलाशी के दौरान रेलवे की कोई चोरी की संपत्ति बरामद नहीं हुई।

इस मामले में RPF पोस्ट धनबाद में रेलवे संपत्ति (अनधिकृत कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹1,210 बताई गई है। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के लिए अदालत भेजा जा रहा है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....