पलामू। जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत चरखी भट्ट बारालोटा इलाके में शनिवार सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के ठेकेदार सह कारोबारी संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, संजय तिवारी सुबह अपने घर के पास स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। इसी दौरान उन पर फायरिंग की गई। आरोप है कि उनके भतीजे प्रीतम तिवारी ने गोली चलाई। गोली संजय तिवारी के सीने के नीचे लगी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि संजय तिवारी और उनके गोतिया परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण गोलीबारी की यह घटना हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मेदिनीनगर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी इलाके के चर्चित ठेकेदार और कारोबारी माने जाते हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

