रामनवमी में रात 2 बजे खुलेगा पटना के महावीर मंदिर का पट, 15 नैवेद्यम काउंटर बनाए जाएंगे

Neelam
By Neelam
4 Min Read

इस साल 27 मार्च को रामनवमी मनाई जाएगी। देशभर में रामनवमी के आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में भी रामनवमी पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर का पट रात 2 बजे ही खोल दिया जाएगा। पट खुलने के बाद 15 मिनट तक आरती होगी और उसके तुरंत बाद श्रद्धालुओं के दर्शन और प्रसाद चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जो देर रात तक जारी रहेगा।

मंदिर प्रशासन तैयारियों में जुटा

रामनवमी पर पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में दर्शन पूजन के लिए आर ब्लॉक तक भक्तों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इस साल भी मंदिर में इसी तरह की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन अभी से तैयारियों में जुट गया है। मंगलवार को इस संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम और सीनियर एसपी कार्तिकेय के. शर्मा मौजूद रहे । बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

रात 2 बजे ही खोल दिया जाएगा मंदिर का पट

इस साल भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिर का पट 27 मार्च की रात 2 बजे ही खोल दिया जाएगा। इसके बाद 15 मिनट तक आरती होगी। आरती समाप्त होते ही प्रसाद चढ़ाने और दर्शन करने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। यह क्रम रात में होने वाली आरती तक लगातार जारी रहेगा।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

रामनवमी के दिन मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो, इसके लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। कतार में लगे भक्तों के लिए बैरिकेडिंग, धूप से बचाव के लिए छावनी, पर्याप्त रोशनी, पानी, शर्बत, मोबाइल शौचालय और मेडिकल कैंप की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे, जिन पर लाइव पूजा का प्रसारण होगा।

24 हजार किलो नैवेद्यम होगा तैयार

महावीर मंदिर के आसपास करीब 15 नैवेद्यम लड्डू काउंटर लगाए जाएंगे। हालांकि, मंदिर के अंदर नैवेद्यम के लिए कोई काउंटर नहीं रहेगा। सभी काउंटर मंदिर के बाहर ही लगाए जाएंगे। मंदिर परिसर के बाहर से लेकर वीर कुंवर सिंह पार्क तक नैवेद्यम काउंटर लगाए जाएंगे। इस बार 24 हजार किलो नैवेद्यम तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से 18 हजार किलो नैवेद्यम पहले से बनाकर तैयार रखा जाएगा, जबकि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त 6 हजार किलो नैवेद्यम बनाने की तैयारी भी रखी जाएगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सरकारी सुरक्षा बलों के साथ-साथ 100 से 120 निजी सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई जाएंगी, जो वीर कुंवर सिंह पार्क से मंदिर तक जाएंगी।

Share This Article