बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी पार्टियों की तैयारियां जोरों पर हैं। जैसे-जैसे चुनाव नज़दीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। इस बार के चुनाव में भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह का नाम खूब सुर्खियां बटोर रहा है। अब सियासी हलकों में सबसे बड़ी चर्चा ‘पावरस्टार’ पवन सिंह की एनडीए में वापसी को लेकर है। खबर है कि पवन सिंह राष्ट्रीय लोक मोर्चा में शामिल होने जा रहे हैं। मंगलवार को पवन सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा के दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की और इसके बाद ही यह खबर सामने आई है। चौंकाने वाली बात यह है कि एक साल पहले लोकसभा चुनाव में पवन सिंह जिनकी हार का कारण बने थे, अब उन्हीं की पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आज यानी मंगलवार को पवन सिंह की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) अध्यक्ष और एनडीए के घटक दल के नेता उपेंद्र कुशवाहा से अहम मुलाकात होनी तय है। उपेन्द्र कुशवाहा के दिल्ली स्थित आवास पर पवन सिंह उनसे मुलाकात करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय लोक मोर्चा की सदस्यता लेंगे। माना जा रहा है कि पवन सिंह बिहार विधानसभा चुनाव में आरा सीट से एनडीए उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ सकते हैं।
उपेंद्र कुशवाह की हार का कारण बने थे पवन सिंह
याद दिला दें कि पवन सिंह ने 2024 लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ताल ठोंकी थी। उस समय एनडीए ने यह सीट आरएलएम को दी थी और खुद उपेंद्र कुशवाहा उम्मीदवार बने थे। पवन सिंह के चुनाव लड़ने के कारण उपेंद्र कुशवाहा को हार का सामना करना पड़ा था। पवन सिंह की बगावत ने न सिर्फ एनडीए को मुश्किल में डाला, बल्कि बीजेपी ने उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। हालांकि, पवन सिंह ने चुनाव में दमदार प्रदर्शन किया और दूसरे नंबर पर रहे।
बगावत के बाद पवन सिंह की एनडीए के दरवाजे पर दस्तक
इस हार ने न केवल कुशवाहा समुदाय में आक्रोश पैदा किया, बल्कि शाहाबाद और मगध क्षेत्र में एनडीए की सीटों पर भी असर डाला। अब, लगभग एक साल बाद, वही पवन सिंह एनडीए के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के साथ ही पवन सिंह अपने राजनीतिक ठिकाने की तलाश में थे। पवन सिंह को भाजपा में दोबारा एंट्री दिलाने की पैरवी आरा के पूर्व सांसद आरके सिंह कर रहे थे, लेकिन अब पवन सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जरिए अपनी सियासी पारी को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
एनडीए के लिए बड़ा ‘गेम चेंजर’
सूत्र बताते हैं कि भाजपा हाईकमांड ने पवन की अपील को रणनीतिक महत्व दिया है। सूत्र बताते हैं कि पवन सिंह आरा विधानसभा सीट से एनडीए उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। आरा, जो शाहाबाद प्रमंडल का प्रमुख केंद्र है, में राजपूत-कोएरी समीकरण हमेशा से संवेदनशील रहा है। यहां पवन की भोजपुरी स्टार पावर युवाओं और ग्रामीण मतदाताओं को लुभा सकती है। भोजपुरी बेल्ट में उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग को देखते हुए, यह कदम एनडीए के लिए बड़ा ‘गेम चेंजर’ साबित हो सकता है।