पीएम मोदी ने देश को दिया बड़ा तोहफा, बनारस रेलवे स्टेशन से 4 वंदे भारत को दिखाई हरी झंडी

Neelam
By Neelam
5 Min Read

पीएम मोदी ने देशवासियों को चार वंदे भारत ट्रेन की सौगात दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने बनारस रेलवे स्टेशन से पीएम चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। पीएम के हरी झंडी दिखाते ही यात्रियों ने हर- हर महादेव के जयकारे लगाए। इनमें सबसे प्रमुख ट्रेन वाराणसी से खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस है, जो काशीवासियों और पूर्वांचल के लिए एक बड़ा उपहार मानी जा रही है।

पीएम मोदी ने चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद जनता को संबित भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया भर के विकसित देशों में आर्थिक विकास का बहुत बड़ा कारण वहां का इंफ्रास्ट्रक्चर रहा है। जिन भी देशों में बड़ी प्रगति, बड़ा विकास हुआ है, उनके आगे बढ़ने के पीछे बहुत बड़ी शक्ति वहां के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की है।

तीर्थ यात्राएं भारत की आत्मा को जोड़ने वाली पवित्र परंपरा-पीएम मोदी

पीएम ने कहा कि हमारे भारत में सदियों से तीर्थ यात्राओं को देश की चेतना का माध्यम कहा गया है। ये यात्राएं केवल देवदर्शन का मार्ग नहीं है, बल्कि भारत की आत्मा को जोड़ने वाली पवित्र परंपरा है। प्रयागराज, अयोध्या, हरिद्वार, चित्रकूट, कुरुक्षेत्र जैसे अनगिनत तीर्थ क्षेत्र हमारी आध्यात्मिक धारा के केंद्र हैं। आज जब ये पावन धाम वंदे भारत के नेटवर्क से जुड़ रहे हैं, तो एक तरह भारत की संस्कृति, आस्था और विकास को जोड़ने का भी काम हुआ है। ये भारत की विरासत के शहरों को देश के विकास का प्रतीक बनाने की तरफ एक अहम कदम है।

बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस सबसे खास

प्रधानमंत्री ने जिन चार वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई वे हैं-बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु। इनमें बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस सबसे खास है। यह वाराणसी यानी भगवान शिव की नगरी से शुरू होकर विंध्‍याचल, प्रयागराज, चित्रकूट जैसे धार्मिक स्‍थलों को कनेक्‍ट करेगी। साथ ही खजुराहो जैसे ऐतिहासिक महत्‍व वाले शहर को भी कनेक्‍ट करेगी। ट्रेन सुबह पांच बजकर 25 मिनट पर वाराणसी से चलेगी और खजुराहो 1.10 बजे पहुंचेगी और वापसी में रात 11 बजे खजुराहो से चलकर वाराणसी पहुंचेगी। पूरा सफर करीब 8 घंटे का होगा। जो वाराणसी, विंध्याचल, प्रयागराज छिवकी, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा स्टेशनों पर ठहरेगी और आखिर में खजुराहो पहुंचेगी। यह ट्रेन सात घंटा 45 मिनट में वाराणसी से खजुराहो तक का सफर तय करेगी। गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।

लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत

इसी तरह से लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस 07 घंटा 45 मिनट में लखनऊ से सहारनपुर की दूरी तय करेगी। यह ट्रेन लखनऊ, सीतापुर, सीतापुर सिटी, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, नजीबाबाद, रुढ़की और सहारनपुर रुकेगी। इससे मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच सफर आसान करेगी। बुधवार को छोड़कर सप्ताह के अन्य बाकी सभी दिनों में चलेगी। इससे उत्‍तराखंड बॉर्डर के लोगों के लिए भी आना जाना आसान हो जाएगा।

फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत

फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत इस रूट पर सबसे तेज़ चलने वाली ट्रेन होगी, जो अपनी यात्रा मात्र 6 घंटे 30 मिनट में पूरी कर लेगी। फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस राष्ट्रीय राजधानी और पंजाब के प्रमुख शहरों, जैसे फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला, के बीच सफर आसान करेगी। यह ट्रेन फिरोजपुर, बटिंडा, धुरी, पटियाला, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, पानीपत में रुकेगी और आखिर में दिल्ली कैंट पहुंचेगी। यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।

एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस

दक्षिण भारत में ट्रेन संख्या 26651 एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रा समय में 2 घंटे से अधिक की कमी लाएगी, जिससे यह यात्रा 08 घंटे 40 मिनट में पूरी हो जाएगी। एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस प्रमुख आईटी और वाणिज्यिक केंद्रों को जोड़ेगी, जिससे प्रोफेशनलों, छात्रों और पर्यटकों को तेज़ और अधिक आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

Share This Article