धनबाद (कतरास): कतरास कॉलेज के समीप हाल ही में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने पहल की। एबीवीपी के प्रदेशिक विश्वविद्यालय सह संयोजक शुभम हजारी ने कतरास थाना प्रभारी से दूरभाष पर संपर्क कर कॉलेज मुख्य द्वार के सामने तत्काल बैरिकेडिंग लगाने की मांग की, ताकि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण हो सके और भविष्य में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

एबीवीपी की मांग को गंभीरता से लेते हुए कतरास थाना प्रभारी ने बिना विलंब कॉलेज गेट के समीप बैरिकेडिंग लगाने की व्यवस्था कराई। पुलिस प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई पर एबीवीपी ने थाना प्रभारी और पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
शुभम हजारी ने कहा कि कतरास कॉलेज में प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों का आवागमन होता है। ऐसे में कॉलेज मुख्य द्वार के पास बैरिकेडिंग की व्यवस्था बेहद आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि इससे वाहनों की गति नियंत्रित रहेगी, सड़क पार करने में सुविधा होगी और दुर्घटनाओं की आशंका में कमी आएगी।
उन्होंने जनहित और छात्रहित के मुद्दों पर कतरास थाना प्रभारी की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी प्रशासन इसी तरह जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्परता दिखाएगा।
बैरिकेडिंग की व्यवस्था के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन का सहयोग किया। इस मौके पर सुजल केशरी, प्रिंस सिन्हा, सुमित सिंह, लव वर्मा, ओमी ठाकुर सहित परिषद के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एबीवीपी ने कहा कि संगठन आगे भी छात्र-छात्राओं, युवाओं और समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा।

