जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व प्रदेश महासचिव अरविंद कुमार उर्फ छोटू सिंह पर हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई के विरोध में उनके समर्थकों ने पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में जमकर हंगामा किया। समर्थकों ने छोटू सिंह का निलंबन रद्द कर उन्हें तुरंत पार्टी में वापस लिए जाने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
छोटू सिंह के निष्कासन के विरोध में हंगामा
छोटू सिंह के निष्कासन से नाराज उनके समर्थक पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय के बाहर जुट गए। समर्थकों ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांग की कि उनके चहेते नेता को जल्द से जल्द पार्टी में बहाल किया जाए।
हंगामा करने वाले जेडीयू कार्यकर्ता नहीं- उमेश कुशवाहा
पार्टी कार्यालय के बाहर जेडीयू कार्यकर्ताओं के हंगामे पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि पहले ही लेटर जारी कर दिया गया है और जो अनुशासित नहीं रहेगा उस पर कार्रवाई होगी। आज जो हल्ला कर रहे थे वह जेडीयू के कार्यकर्ता नहीं थे। जेडीयू कार्यकर्ता तो अनुशासित होते हैं। कुछ ऐसे ही बाहर के लोग मंगाए गए थे, लेकिन पार्टी ने जो निर्णय ले लिया है उसे वापस नहीं लेगी। अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित छोटू सिंह
बता दें कि छोटू सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में जेडीयू ने बाहर का रास्ता दिका दिया है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से ही उनके समर्थकों में भारी आक्रोश है। इसे लेकर छोटू सिंह के समर्थकों ने पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी। इसके बाद ही पार्टी ऑफिस में ये बवाल देखने को मिला।

