Bihar:बीजेपी सांसद अशोक यादव के बेटे लापता, तलाश में जुटी पुलिस

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के मधुबनी से बीजेपी सांसद डॉ. अशोक यादव के 24 वर्षीय बेटे विभूति यादव रविवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। यह घटना दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बंगालीटोला स्थित सांसद निवास की है, जहां से विभूति अचानक गायब हो गए। बताया जा रहा है कि वह घर से अचानक निकले और अभी तक वापस नहीं आए हैं।

लहेरियासराय थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज

मिली जानकारी के अनुसार विभूति कुमार यादव रविवार सुबह दरभंगा शहर के बंगाली टोला स्थित अपने घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे। लेकिन दोपहर बीतने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो उठे और स्वयं खोजबीन शुरू की। काफी प्रयासों के बाद भी कोई सूचना नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। लहेरियासराय थाने में गुमशुदगी को लेकर शिकायत दी गई है। दरभंगा पुलिस विभूति कुमार यादव को ढूंढने में जुटी है।

काफी तलाश के बाद भी नहीं चला पता

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार परिजनों का कहना है कि विभूति सुबह 7 बजे से घर से गायब है। रविवार की दोपहर विभूति यादव बंगाली टोला आवास से बाजार के लिए निकले थे। देर शाम तक वह घर वापस ही नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनके मोबाइल पर कॉल करना शुरू किया। कई लोगों ने कई बार फोन लगाया लेकिन उनका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। इससे परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। परेशान परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। काफी समय तक तलाश के बाद भी विभूति यादव का कहीं कोई पता नहीं चल पाया।

छुट्टियों में अपने घर आए

सांसद अशोक यादव के बेटे विभूति कुमार यादव दिल्ली में लॉ की पढ़ाई करते हैं। विभूति यादव दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं और हाल ही में अपने पिता के साथ दरभंगा लौटे थे। बताया जा रहा है कि विभूति हाल ही में छुट्टियों में अपने घर आए थे।

मधुबनी से सांसद हैं अशोक यादव

गौरतलब है कि अशोक कुमार यादव मधुबनी से लोकसभा सांसद हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता हुकुमदेव नारायण यादव के पुत्र हैं। अशोक यादव पहले भी बिहार विधानसभा में केवटी सीट से विधायक रह चुके हैं। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि सभी जरूरी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही कोई ठोस जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Share This Article