बालू माफियाओं की कमर तोड़ने निकली पुलिस, पलामू में 3 बालू लदे ट्रैक्टर जब्त

KK Sagar
2 Min Read

पलामू: जिले के पांकी थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू से लदे तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, पांकी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आसेहार–सगालिम क्षेत्र में एनजीटी के प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम अवैध बालू का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद कई लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बालू से लदे तीन ट्रैक्टर जब्त किए। इनमें से दो ट्रैक्टरों को पांकी थाना लाया गया, जबकि तीसरे ट्रैक्टर का टायर रास्ते में पंचर हो जाने के कारण उसे पुलिस निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। उसे भी जल्द थाना परिसर लाया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों से लंबे समय से प्रतिबंध के बावजूद अवैध बालू का उत्खनन और परिवहन जारी है। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है और पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है।

पुलिस के अनुसार, जब्त ट्रैक्टरों के संबंध में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वाहन मालिकों और अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पांकी थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, बालू के अवैध परिवहन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध खनन या बालू परिवहन की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने दोहराया कि अवैध बालू कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....