पटना में वर्दी में नशे की हालत में मिला पुलिसकर्मी, पहुंचा सलाखों के पीछे

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में पूर्ण शराबबंदी है। शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करवाने की जिम्मेदारी पुलिस पर है। अब सोचिए, अगर यही पुलिस खुद नशे की गिरप्त में आ जाए तो क्या होगा? पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र ऐसा ही एक मामला सामने आया है।

शराब सेवन की पुष्टि और गिरफ्तारी

पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी का कथित रूप से नशे की हालत में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला सामने आते ही अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित आरक्षी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने नियमानुसार उसकी मेडिकल जांच कराई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई।

अब कोर्ट में होगी पेशी

मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस पूरे मामले को लेकर सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।

पहले भी शराब पीने के आरोप में हो चुका है निलंबित

वायरल वीडियो में नजर आ रहे पुलिसकर्मी की पहचान विनोद राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी वह शराब सेवन के मामले में निलंबित हो चुका है। दोबारा इस तरह का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

Share This Article