आसनसोल में दीवार लेखन पर सियासी घमासान, BJP-TMC आमने-सामने

KK Sagar
2 Min Read

आसनसोल। पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच आसनसोल का हिरापुर इलाका राजनीतिक टकराव का केंद्र बन गया है। बर्नपुर रोड स्थित डोली लॉज क्षेत्र में दीवार लेखन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) समर्थकों के बीच तीखी झड़प हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा प्रत्याशी कृष्णेंदु मुखर्जी के समर्थन में कार्यकर्ता दीवार पर चुनावी नारे लिख रहे थे। इसी दौरान टीएमसी समर्थकों ने उस दीवार को “बुक्ड” बताते हुए काम रुकवा दिया। देखते ही देखते मामूली विवाद ने सियासी रंग ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही कृष्णेंदु मुखर्जी मौके पर पहुंचे और टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ उनकी तीखी बहस हुई। मुखर्जी ने आरोप लगाया कि मकान मालिक की अनुमति होने के बावजूद सत्ता के दबाव में उन्हें रोका जा रहा है।

वहीं, टीएमसी की पार्षद मौसुमी बसु ने पलटवार करते हुए भाजपा पर जानबूझकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विवाद खड़ा कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।

स्थिति बिगड़ते देख हिरापुर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

चुनावी माहौल के बीच इस घटना ने इलाके में सियासी तापमान और बढ़ा दिया है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....