बिहार में इन दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा जोरों पर हो रही है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार का सीएम कौन होगा, इस सवाल का जवाब भी लोग जानना चाह रहे हैं। इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए लगातार विपक्ष के निशाने पर हैं। इस बीच नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से एनडीए सरकार पर हमला बोला है।
तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर जारी की सूची
तेजस्वी यादव गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पर एक सूची जारी की। बिहार कहां आगे हुआ और कहां पिछड़ गया? 21 साल में NDA ने क्या किया? इन सब सवालों का जवाब इस सूची के जरिए तेजस्वी यादव ने जनता को दिया। उन्होंने कहा कि 21 वर्षों की एनडीए सरकार में बिहार विकास के सभी मानकों, मानदंड और सूचकांक में सबसे फिसड्डी है। लेकिन, इन शर्मनाक तथ्यों और रैंकिंग पर किसी की कभी कोई जवाबदेही नहीं, बस पलटा-पलटी, प्रशासनिक तंत्र, सरकारी खजाने से वोट खरीदी, वोट की लूट और जातिवाद के सहारे कथित सुशासनी लोग सत्ता का आनंद भोग रहे हैं।
तेजस्वी की सूची में बिहार देश का सबसे गरीब राज्य
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार एक अनोखा और अनूठा प्रदेश है, जहां दशकों से एनडीए की डबल इंजन सरकार है वहां…
- देश का सबसे गरीब राज्य- बिहार
- देश में सबसे अधिक पलायन-बिहार
- देश में सबसे अधिक अपराध- बिहार
- देश में सबसे अधिक भ्रष्टाचार- बिहार
- देश में सबसे अधिक बेरोजगारी- बिहार
- देश में सबसे अधिक बहुआयामी गरीबी-बिहार
- देश में सबसे अधिक स्कूल ड्राप आउट- बिहार
- देश में सबसे कम साक्षरता दर- बिहार
- देश में सबसे कम प्रति व्यक्ति आय-बिहार
- देश में सबसे कम किसानों की आय- बिहार
- देश में सबसे कम प्रति व्यक्ति निवेश- बिहार
- देश में सबसे कम प्रति व्यक्ति उपभोग- बिहार
- देश में सबसे कम कंप्यूटर साक्षरता- बिहार
- देश में सबसे कम बिजली खपत- बिहार
- देश में सबसे कम बुनियादी सुविधा- बिहार
- देश में सबसे कम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा- बिहार
- देश में सबसे कम औद्योगिक इकाइयां- बिहार
- देश में सबसे कम स्कूलों में कंप्यूटर और ICT लैब- बिहार
- देश में विकास के सभी सूचकांक में सबसे फिसड्डी- बिहार
- देश में शिक्षा-स्वास्थ्य सेवा/सुविधा में सबसे फिसड्डी- बिहार
जेडीयू का यूं दिया जवाब
तेजस्वी के इस पोस्ट पर अब एनडीए नेताओं ने पलटवार किया है। जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने ‘एक्स’ पोस्ट पर कहा, “उन्होंने जो आंकड़े रखे हैं, वो पहले भी रख चुके हैं, लेकिन उनके माता-पिता के कार्यकाल के आखिरी वर्ष में बिहार का जो बजट था, आज लगभग 13-14 गुनी बड़ी बिहार की अर्थव्यवस्था है। बजटीय आकार हमारा 14 गुना बढ़ा है। दूसरी तरफ, जो GDP ग्रोथ रेट का पैमाना है किसी भी राज्य की संपन्नता और समृद्धि का, तो निसंदेह हम इन 20 वर्षों में 16 ऐसे अवसर हैं, जब डबल डिजिट में हमने ग्रोथ रेट दर्ज किया है…”
दीपक प्रकाश ने दिलाई 20 साल पुरानी स्थिति की याद
तेजस्वी यादव के बयान पर बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा, “बिहार पर हमला करने से पहले उन्हें 20 साल पुरानी स्थिति देख लेनी चाहिए। 20 साल में किस प्रकार का काम हुआ है किस प्रकार का विकास हुआ है वो भी देख लेना चाहिए। उसकी तुलना और समीक्षा करने के बाद ही उनको सवाल उठाना चाहिए।”
तेजस्वी के ट्वीट पर क्या बोले दिलीप जायसवाल?
बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के पोस्ट पर कहा, “बहुत दिनों बाद उन्होंने ट्वीट किया कि ‘बिहार कैसा है?’ बिहार कैसा है ये बिहार की जनता ने बता दिया है। एक बार फिर जनता ने NDA की सरकार को भारी बहुमत देकर जवाब दे दिया कि बिहार कैसा है।”
बिहार में गरीबी 41% से गिरकर 4% पर
बता दें कि बिहार कभी विकास के मामले में देश के सबसे पिछड़े राज्यों में गिने जाने वाले बिहार को लंबे समय तक “बीमारू राज्य” कहा जाता रहा। लेकिन, अब तस्वीर तेजी से बदलती दिख रही है। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की सदस्य श्यामका रवि ने ‘प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद’ से जुड़ी अपनी भूमिका के साथ इंडिया एक्स्प्रेस में लिखे लेख में बताया है कि पिछले एक दशक में बिहार ने जीवन स्तर, गरीबी और पोषण क्षमता जैसे कई अहम सूचकों पर उल्लेखनीय सुधार किया है। इस लेख के मुताबिक 2011-12 में बिहार में गरीबी दर 41.3% थी। जो घटकर 2023-24 में 4.4% रह गई, जो राष्ट्रीय औसत 4.0% के लगभग बराबर है।

