घाटशिला में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए निकली NCC कैडेट्स की प्रभात फेरी: 11 नवंबर को वोट डालने की अपील

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उप निर्वाचन 2025 के मद्देनजर क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जादूगोड़ा में एक प्रभावी मतदाता जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व स्वयं अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला सुनील चंद्र ने किया। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रयोग के लिए प्रेरित करना और लोकतंत्र के इस महापर्व में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

परमाणु ऊर्जा केन्द्रीय विद्यालय के कैडेट्स ने लिया भाग
प्रभात फेरी में परमाणु ऊर्जा केन्द्रीय विद्यालय, जादूगोड़ा के एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैडेट्स ने पूरे क्षेत्र में ‘मतदान करें, लोकतंत्र को मजबूत करें’ जैसे प्रेरक नारों के साथ जन-जागरूकता का संदेश फैलाया। उन्होंने सभी मतदाताओं से आगामी 11 नवंबर 2025 को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की पुरजोर अपील की।

SDO घाटशिला का संदेश
उपस्थित नागरिकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी चंद्र ने कहा, ‘हर एक वोट लोकतंत्र की नींव को मजबूत करता है। मतदान न केवल हमारा अधिकार है बल्कि यह राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है।’ उन्होंने सभी मतदाताओं से मतदान दिवस पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

सुनील चंद्र ने बताया कि घाटशिला अनुमंडल में SVEEP के तहत विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें शैक्षणिक संस्थान, सामाजिक संगठन और स्थानीय निकाय सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने मतदाता शपथ भी ली कि वे स्वयं भी मतदान करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि SVEEP कार्यक्रम के माध्यम से घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जाएगी।

Share This Article