धनबाद में गूंजेगा ‘वाहेगुरु’ का स्वर — श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर 4 और 5 नवंबर को निकलेगी भव्य नगर कीर्तन, तैयारियां जोरों पर

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें अवतार दिवस (प्रकाश पर्व) की तैयारियां धनबाद में जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। यह पावन पर्व 4 और 5 नवंबर को पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व न केवल सिख समाज, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायक दिवस होता है।


गुरु नानक देव जी का संदेश – मानवता और समानता का प्रतीक

गुरु नानक देव जी ने अपने उपदेशों से समाज को नई दिशा दी। उन्होंने कहा था —
“ना कोई हिन्दू, ना कोई मुसलमान — सब एक ही परमात्मा की संतान हैं।”
उनकी वाणी ने समाज को जात-पात, भेदभाव और अंधविश्वास से मुक्त करने का संदेश दिया। उन्होंने जीवन के तीन मूल सिद्धांत बताए —

  1. नाम जपो (ईश्वर का स्मरण करो)
  2. किरत करो (ईमानदारी से जीवन यापन करो)
  3. वंड छको (अपना हिस्सा दूसरों से बाँटो)

4 नवंबर को निकलेगी नगर कीर्तन

बड़ा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार गुरु चरण सिंह माझा ने बताया कि 4 नवंबर को झरिया के कोरीबांध गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकलेगी। यह यात्रा बाटा मोड़, लछमनीया मोड़, कतरास मोड़, बस्ताकोला, धनसार चौक, सचदेवा भवन, शक्ति मंदिर होते हुए गुरुनानक पूरा गुरुद्वारा पहुंचेगी, जहाँ संगत नगर कीर्तन का स्वागत करेगी।

Advertisement

इसके बाद नगर कीर्तन पानी टंकी पुराना बाजार, बैंक मोड़ होते हुए बड़ा गुरुद्वारा धनबाद पहुँचेगी। शाम तक यहाँ शब्द कीर्तन और अरदास के साथ समापन होगा। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु गुरु का लंगर छकेंगे।

🕚 नगर कीर्तन का समय: प्रातः 11 बजे से शाम 7 बजे तक
📍 प्रस्थान स्थल: गुरुद्वारा कोयरीबांध, झरिया
📍 गंतव्य: बड़ा गुरुद्वारा, धनबाद


5 नवंबर को होगा मुख्य समारोह

संयुक्त सचिव सरदार शहबाज सिंह ने बताया कि 5 नवंबर को गुरुद्वारा मैदान में भव्य पंडाल लगाया जा रहा है, जहाँ गुरु नानक देव जी का जन्म दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर हजारों श्रद्धालु संगत शामिल होकर शब्द कीर्तन और अरदास में भाग लेंगे।

उत्सव की शोभा बढ़ाने के लिए प्रसिद्ध रागी भाई अवविंदर सिंह जी और प्रचारक प्रो. अमरजीत सिंह जी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

🪔 गुरू का लंगर: 4 एवं 5 नवंबर को पूरे दिन बड़ा गुरुद्वारा धनबाद में वितरित किया जाएगा।


प्रबंधक समिति की अपील

बड़ा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के संचालक सरदार राजेंद्र सिंह चहल, प्रधान सरदार गुरु चरण सिंह माझा, सेक्रेटरी मनजीत सिंह पथरडीह, कोषाध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह सलूजा, संयुक्त सचिव सरदार शहबाज सिंह, अजीतपाल सिंह, यशराज सिंह, सुखविंदर सिंह, सुरिन्दर सिंह, और सरबजीत सिंह ने सभी गुरुप्रेमियों से निवेदन किया है कि वे परिवार सहित इस पवित्र अवसर पर पधारकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएँ।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....