बिहार चुनाव से पहले नीतीश सरकार राज्य के लोगों को एक बड़ी सौगात देने की तैयारी में जुट गई है। नीतीश कुमार की सरकार ने चुनावी साल मे बड़ा दांव खेला है। इसके तहत बिहार के लोगों को 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना है। ऊर्जा विभाग के इस प्रस्ताव को वित्त विभाग ने मंजूरी दी है। अब जल्द ही राज्य के लोगों को 100 यूनिट तक फ्री बिजली दी जाएगी।

100 यूनिट से ज्यादा पर देने होंगे पैसे
इस योजना के तहत, घरेलू उपयोग के लिए प्रति परिवार 100 यूनिट तक बिजली मुफ़्त मिलेगी। इससे ज़्यादा बिजली इस्तेमाल करने पर ही उपभोक्ताओं को अपनी जेब ढीली करनी होगी। घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को मिलने वाले लाभों की जानकारी राज्य मंत्रिपरिषद की मंज़ूरी के बाद ही सार्वजनिक की जाएगी। ऐसी चर्चा है कि भविष्य में कुछ और रियायतें दी जा सकती हैं। सरकार कृषि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली पर कुछ और रियायतें देने की भी योजना बना रही है। इससे बिजली पर सरकारी सब्सिडी बढ़ जाएगी।
चुनावी साल में बड़ा दांव
चुनावी साल में ये योजना नीतीश सरकार का बड़ा दांव मानी जा रही है। यह कदम राज्य के आम नागरिकों को राहत देने और सरकार की लोकप्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से लिया गया है। माना जा रहा है कि यह घोषणा खासकर ग्रामीण और मध्यम वर्ग के मतदाताओं को आकर्षित कर सकती है। लाखों उपभोक्ताओं को सीधा इससे फायदा होगा। 100 यूनिट फ्री बिजली से सीधे ही परिवारों को मदद मिलेगी और उनके बिजली बिल में उनको राहत होगी। नीतीश सरकार का यह फैसला सीधे तौर पर आम लोगों की जेब पर असर डालेगा और उन्हें हर महीने सैकड़ों रुपये की बचत करने का मौका देगा।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना
इस योजना के साथ ही केंद्र सरकार की तरफ से बिजली के बिल से राहत देने के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पहले से ही चलाई जा रही है। इस योजना का फाएदा लेने के लिए आवेदक भारत का नागरिक होना चाहिए। साथ ही, एक घर होना चाहिए, जिसकी छत पर पैनल लग सकें। साथ ही उसके पास बिजली कनेक्शन हो और पैनलों के लिए पहले से कोई सब्सिडी न मिल रही हो।
तेजस्वी के वादे का निकालेगा दम
बता दें कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वादा किया है कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है तो वह हरेक को 200 यूनिट फ्री बिजली देंगे। अब तेजस्वी के इस वादे के काट के रूप में नीतीश सरकार ने पहले ही 100 यूनिट मुफ्त बिजली देने जा रही है।

