राष्ट्रपति के आगमन को लेकर तैयारी जोरों पर, उपायुक्त व कप्तानों ने परखा सुरक्षा घेरा

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावित पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला खरसावां आगमन के मद्देनज़र एनआईटी परिसर, निर्धारित कार्यक्रम स्थल तथा आवागमन मार्गों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त, सरायकेला–खरसावां नितीश सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम पीयूष पांडेय, पुलिस अधीक्षक, सरायकेला–खरसावां मुकेश लुणायत एवं पुलिस अधीक्षक(नगर), पूर्वी सिंहभूम कुमार शिवाशीष ने किया, मौके पर संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित रूट, एनआईटी परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल पर प्रोटोकॉल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आपात सेवाएं, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं संचार व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। माननीय राष्ट्रपति के कार्यक्रम के सुचारु, गरिमामय व सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

दोनों जिला के वरीय पदाधिकारियों ने मार्ग में सुरक्षा, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, सुरक्षा घेरा तथा कार्यक्रम से जुड़े समन्वय पर विमर्श करते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला खरसांवा जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक प्रशासनिक, सुरक्षा व प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

Share This Article