राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज बिहार की यात्रा पर रहेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु आज बिहार के राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत अन्य लोग भी समारोह में शामिल होंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
महामहिम के आगमन को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राष्ट्रपति मुर्मू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए काफी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर की सभी प्रमुख सड़कों को बैरिकेड लगाकर सुरक्षित किया गया है और पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और राष्ट्रपति की यात्रा निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
विश्व मित्रालय सभागार का भी उद्घघाटन करेंगी
राष्ट्रपति मुर्मु नालंदा विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम बिहार के राजगीर में आयोजित किया जाएगा, जहां देश-विदेश के छात्रों और शिक्षाविदों की उपस्थिति रहेगी। इलके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में ग्रीन हाउस के साथ ही दो हजार सीटों की क्षमता वाली नवनिर्मित विश्व मित्रालय सभागार का भी उद्घघाटन करेंगी।
इससे पहले 2016 में हुआ था पहला दीक्षांत समारोह
राष्ट्रपति बनने के बाद राजगीर और इस विश्वविद्यालय का यह उनका पहला दौरा है। यह समारोह कई मायनों में खास है। जून 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित नए परिसर में यह पहला दीक्षांत समारोह होगा। इससे पहले वर्ष 2016 में पहला दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ था। जिसमें तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी आए थे। नौ वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित इस समारोह में इस बार 36 छात्रों को गोल्ड मेडल दिए जाएंगे, जबकि 600 से अधिक छात्रों को आमंत्रित किया गया है।
नालंदा विश्वविद्यालय के प्राचीन अवशेषों को देखेंगी
राष्ट्रपति मुर्मू यहां ना सिर्फ नालंदा विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी, बल्कि ऐतिहासिक नालंदा विश्वविद्यालय के उस प्राचीन अवशेषों को देखेंगी, जिसने सदियों पहले ज्ञान और शिक्षा के वैश्विक केंद्र के रूप में कार्य किया था।

