Bihar: बिहार में चढ़ा सियासी पारा, राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में प्रियंका गांधी की एंट्री, रेवंत रेड्डी भी आए नजर

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों का महागठबंधन माहौल बनाने में जुटा है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की अगुवाई में ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ निकाली जा रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को अपने भाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुईं। यात्रा के दौरान उनके साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और गठबंधन के अन्य नेता भी मौजूद रहे। सभी नेता एक खुली जीप की छत पर बैठकर भीड़ का अभिवादन करते दिखे।

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा का आज 10वां दिन है। आज की यात्रा सुपौल से शुरू हुई है। आज राहुल और तेजस्वी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी समेत कई बड़े नेता शामिल हैं। प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के कई शीर्ष नेता खुली जीप में एकसाथ रोड शो कर रहे हैं। वोटर अधिकार यात्रा आज सुपौल से शुरू होकर मधुबनी पहुंचेगी। इसके बाद आज शाम यात्रा दरभंगा जिले में प्रवेश कर जाएगी। 

यात्रा का कार्यक्रम

सुपौल में यह यात्रा सुबह 9 बजे हुसैन चौक से शुरू हुई और करीब चार किलोमीटर तक चली। यात्रा हुसैन चौक से निकलकर थाना चौक, महावीर चौक, लोहियानगर चौक और गौरवगढ़ होते हुए डिग्री कॉलेज में समाप्त होगी। इसके बाद यह काफिला मधुबनी जिले में प्रवेश करेगा। वहां 74 किलोमीटर लंबी पदयात्रा प्रस्तावित है, जिसमें पहली बार राहुल और प्रियंका गांधी एक साथ शामिल होंगे। दोपहर 12:30 बजे फुलपरास के लोहिया चौक पहुंचने का कार्यक्रम है। पास ही झिलमिल ढाबा पर लंच रखा गया है। दोपहर 3:30 बजे से सिजौलिया दुर्गामंदिर परिसर में सामाजिक संवाद होगा। फिर यात्रा मोहना झंझारपुर से होकर राजे चौक, सरिसवपाही रोड से गुजरते हुए शाम 7:30 बजे सकरी अंदर ब्रिज पर रुकेगी और उसके बाद दरभंगा जिले में प्रवेश करेगी।

16 दिनों की लंबी यात्रा

बता दें कि वोटर अधिकार यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी और 1 सितंबर को पटना में एक बड़ी रैली के साथ समाप्त होगी। इस दौरान यात्रा 1,300 किमी की दूरी तय कर बिहार के कई जिलों से गुज़रेगी। अब तक यह यात्रा गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कटिहार और पूर्णिया जिलों से गुजर चुकी है। आगे यह मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, सारण, भोजपुर और पटना जिलों से होकर गुज़रेगी।

Share This Article