जमशेदपुर : हर्ष जोहार के अंतर्गत सामाजिक भावनात्मक शिक्षण (एसइएल) को विकसित करने के लिए प्रॉजेक्ट संपूर्ण के तहत समागम का आयोजन सीएम स्कूल ऑफ एक्सेलेंस साकची गर्ल्स हाई स्कूल में शनिवार को किया गया। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) निर्मला कुमारी बरेलिया, जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसइ) नीशू कुमारी तथा विभिन्न गांवों के मुखिया व जिले के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डीइओ ने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षक तथा अभिभावक बच्चों के प्रति संवेदनशील रहें। डीएसइ ने कहा कि मैट्रिक व इंटर की होने वाली परीक्षा के लिए कैसे बच्चों को भावनात्मक रूप से मजबूत बनाया जाए, उसके संदर्भ में संपूर्णता के तहत एक काउंसिलिंग कराएं। हर्ष जोहार कार्यक्रम सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जो राज्य के 80 सीएम उत्कृष्ट व 41 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) में एसइएल के अंतर्गत 9 कौशल जैसे स्व-जागरूकता, सकारात्मक सामाजिक संबंध, दूसरों के प्रति समानुभूति, आत्म सम्मान, तार्किक सोच, पहल करने इत्यादि पर काम कर रही है। टीम संपूर्ण ने स्कूली शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक, जिला अधिकारी, पंचायती राज सदस्य, युवा स्वयंसेवक व मीडिया प्रोफेशनल्स के साथ सामाजिक भावनात्मक शिक्षा को लेकर एसइएल समागम का आयोजन किया। इस मौके पर गत वर्ष जिले के 12 स्कूलों में संचालित हर्ष जोहार पाठ्यचर्या पर परिचर्चा की गई। साथ ही बच्चों के द्वारा विभिन्न कार्यक्रम तथा गैलरी वॉक के माध्यम से हर्ष जोहार पाठ्यचर्या के महत्व व सामाजिक भावनात्मक कौशल संबंधी जागरूकता पर प्रकाश डाला गया। शिक्षकों, बच्चों व अन्य सभी हितधारकों के साथ हर्ष जोहार पाठ्यचर्या के सफर एवं इसकी समझ भी साझा की गई। इसमें हर्ष जोहार टीम की सदस्य अबिधा सेठ, आशीष कुमार, प्रियंका, साउली, रोशनी तिवारी, दिव्यांशी, श्रमिष्ठा प्रीति, शगुफ्ता इत्यादि ने इसे सफल बनाया। एसइएल समागम का मुख्य उद्देश्य बच्चों का संपूर्ण बाल विकास सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों जैसे शिक्षकों, बच्चों, जिला और प्रखंड के अधिकारी, मीडिया कर्मी, पंचायती राज के सदस्य आदि के सहयोगात्मक प्रयासों को सुनिश्चित करना है।
प्रॉजेक्ट संपूर्ण के तहत साकची गर्ल्स हाई स्कूल में कार्यक्रम आयोजित
Leave a comment

