डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: अगर आप इस हफ्ते रेलवे से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में बुनियादी ढांचे की मरम्मत और आधुनिकीकरण के लिए 15 जून से 21 जून तक रोलिंग ब्लॉक लिया जा रहा है। इस ब्लॉक के कारण इस रूट पर चलने वाली कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन पर सीधा असर पड़ेगा। रेलवे ने चार ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया है, जबकि कई अन्य ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है।
पूरी तरह रद्द रहने वाली ट्रेनें
आद्रा-आसनसोल-आद्रा मेमू: 15 और 18 जून को रद्द रहेगी।
आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू: 16, 19 और 21 जून को नहीं चलेगी।
आद्रा-भागा-आद्रा मेमू: 21 जून को इसका परिचालन ठप रहेगा।
भोजूडीह-चंद्रपुरा-भोजूडीह मेमू: 21 जून को पूरी तरह रद्द रहेगी।
आंशिक रूप से समाप्त और प्रारंभ होने वाली ट्रेनें
चक्रधरपुर-गोमो मेमू (16, 19 और 21 जून): यह ट्रेन महुदा स्टेशन पर ही समाप्त हो जाएगी और वहीं से वापस चक्रधरपुर के लिए खुलेगी। महुदा से गोमो के बीच सेवा पूरी तरह बंद रहेगी।
आसनसोल-टाटानगर मेमू (17 और 20 जून): यह ट्रेन आद्रा स्टेशन पर समाप्त होगी और वहीं से वापस शुरू होगी। आद्रा और टाटानगर के बीच इस ट्रेन की सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।
आसनसोल-पुरुलिया मेमू (16 से 20 जून): यह ट्रेन केवल आद्रा स्टेशन तक ही जाएगी और वहीं से खुलेगी। आद्रा और पुरुलिया के बीच इसका परिचालन बंद रहेगा।
खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस (17 और 20 जून): यह ट्रेन आद्रा में आंशिक रूप से समाप्त और प्रारंभ होगी। आद्रा-हटिया-आद्रा रेल खंड के बीच इस ट्रेन की सेवा अस्थायी रूप से रद्द रहेगी।
टाटानगर-आसनसोल-बाराभूम मेमू (15 जून): यह ट्रेन आद्रा में ही शॉर्ट टर्मिनेट होगी। आद्रा-आसनसोल-आद्रा के बीच यात्री इस ट्रेन का लाभ नहीं ले सकेंगे।
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम या रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए अपनी ट्रेन की लाइव स्थिति जरूर चेक कर लें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

