डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: अगर आप सड़क पर गाड़ी चलाते समय लापरवाही बरतते हैं, तो सावधान हो जाएं। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन अब यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाने जा रहा है। समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति और यातायात प्रबंधन की समीक्षा बैठक में उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि नियमों को ताक पर रखने वालों से सख्ती से निपटा जाए। बैठक में सामने आया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रशासन पहले से ही कड़ा रुख अपनाए हुए है। इसके तहत अब तक 512 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं, जबकि अकेले मई 2026 में ही चालान के जरिए ₹23.44 लाख का जुर्माना वसूला गया है।
स्कूली वाहनों को एक हफ्ते का अल्टीमेटम
बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने स्कूल वाहन एसोसिएशन को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर सभी स्कूली वाहनों के फिटनेस, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों को दुरुस्त कर लिया जाए। एक हफ्ते की समय सीमा समाप्त होने के बाद जिला परिवहन पदाधिकारी और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। नियमों का पालन न करने वाले स्कूली वाहनों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
डिमना चौक से भिलाई पहाड़ी तक अवैध पार्किंग पर होगी चोट
सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहन हादसों का बड़ा कारण बन रहे हैं। बैठक में डिमना चौक से भिलाई पहाड़ी तक सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। उपायुक्त ने पुलिस और संबंधित विभागों को तत्काल संयुक्त अभियान चलाकर अवैध पार्किंग हटाने और ऐसा करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करने का आदेश दिया है, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके।
मई महीने में सड़क हादसों में 19 की मौत
सड़क सुरक्षा आंकड़ों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में मई 2026 के दौरान 28 सड़क दुर्घटनाएं हुई, जिनमें 19 लोगों की जान चली गई और 15 लोग घायल हुए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अप्रैल महीने की तुलना में मई में दुर्घटनाओं और मौतों के आंकड़ों में कमी आई है। इस पर उपायुक्त ने पिछले 6 महीनों के दुर्घटना डेटा का विस्तृत विश्लेषण करने का निर्देश दिया। ताकि हादसों के मुख्य कारणों की पहचान कर उन्हें हमेशा के लिए ठीक किया जा सके।
नेशनल हाईवे पर चमकेगी लाइटें
सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बैठक में बताया कि गालूडीह, फूलपाल और घाटशिला क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है। हाईवे के अन्य ब्लैक स्पॉट्स और प्रभावित जगहों पर भी अगले 10 से 15 दिनों के भीतर लाइट दुरुस्त करने और सुधार का काम पूरा कर लिया जाएगा। उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
लाइसेंस की स्थिति और जागरूकता
प्रशासन ने बताया कि मई महीने में 2,805 लर्नर लाइसेंस और 1,704 ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नए चालकों को लाइसेंस देने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना भी सुनिश्चित किया जाए। आने वाले दिनों में ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान को और तेज किया जाएगा।

