HomeमौसमWeatherदिवाली से पहले बारिश का अनुमान : पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में...

दिवाली से पहले बारिश का अनुमान : पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बड़ा बदलाव : उत्तर भारत में बारिश और ठंड की दस्तक

मानसून की विदाई के साथ उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में सुबह के वक्त हल्की ठंड महसूस हो रही है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि 23 से 26 अक्टूबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिलेगा। इसका असर न केवल मैदान इलाकों में, बल्कि हिमालयी क्षेत्रों में भी महसूस किया जाएगा।

इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और उत्तरी हरियाणा के क्षेत्रों में भारी बारिश की उम्मीद जताई गई है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में ठंड भी बढ़ सकती है, जिससे दीपावली से पहले ठंड का अहसास बढ़ जाएगा।

पहाड़ी इलाकों में ठंड के मौसम का असर

पहाड़ी क्षेत्रों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। इससे पर्वतीय इलाकों में ठंड का असर गहराने लगेगा। वहीं, पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि कुछ इलाकों में मौसम की विषम परिस्थितियां यात्रा में कठिनाई पैदा कर सकती हैं।

दिल्ली-NCR में मौसम का बदलाव

राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों जैसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और फरीदाबाद में भी 23 से 26 अक्टूबर के बीच बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 से लेकर 30 अक्टूबर के बीच दिल्ली-NCR में अचानक से ठंड बढ़ सकती है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं दिल्ली के तापमान को और गिरा सकती हैं, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का अहसास ज्यादा होने लगेगा।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ठंड बढ़ने के संकेत

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी मैदानी इलाकों में धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगेगी। दिल्ली का तापमान धीरे-धीरे नीचे गिरने की संभावना है। पहाड़ों की ढलानों से आने वाली उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं दिल्ली के पारे को और गिरा देंगी। वातावरण में उमस का असर खत्म हो जाएगा, और सुबह के वक्त हल्की ठंड के साथ ताजा हवा से मौसम सुहावना हो जाएगा। हालांकि, दोपहर के वक्त हल्की गर्माहट महसूस हो सकती है।

दिवाली पर ठंडी रह सकती है मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि दीपावली के आसपास भी ठंडक बनी रह सकती है। हालांकि, इस दौरान कुछ क्षेत्रों में धुंध और हल्की ठंड का असर देखने को मिलेगा, जिससे त्योहार के समय मौसम और खुशनुमा हो सकता है।

KK Sagar
KK Sagar
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....

Most Popular