राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में भाजपामय हुआ रामगढ़, कार्यकर्ताओं ने किया ऐतिहासिक अभिनंदन

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय झारखंड प्रवास के दौरान रविवार को रामगढ़ में उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। रांची से बोकारो जाने के क्रम में रामगढ़ जिले की सीमा में प्रवेश करते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत कर अपने उत्साह और संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल भी मौजूद रहे।

निर्मल महतो चौक पर झारखंडी संस्कृति की छटा

स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत कोठार स्थित शहीद निर्मल महतो चौक से हुई। यहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक झारखंडी नृत्य और पुष्पवर्षा के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद नितिन नवीन एवं अन्य नेताओं ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात कर संगठन की मजबूती पर चर्चा की।

सांसद मनीष जायसवाल ने किया सम्मानित

हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत करते हुए उन्हें विशेष तस्वीर और मोमेंटो भेंट किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का रामगढ़ आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा और उत्साह का बड़ा स्रोत है।

छतर मांडू में भी हुआ भव्य स्वागत

निर्मल महतो चौक के बाद काफिला छतर मांडू पहुंचा, जहां दुर्गा मंदिर के समीप कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर फूलों की वर्षा और जयघोष के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। पूरे मार्ग में भाजपा समर्थकों का उत्साह देखने लायक था।

कार्यकर्ताओं में दिखा नया जोश

स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।

मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे और स्वागत में उमड़ी भीड़ से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ेगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....