धनबाद – मालगाड़ी से चुराया 1000 किलो कोयला बरामद, तीन महीने बाद RPF के हत्थे चढ़े दो आरोपी

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) धनबाद ने मालगाड़ी से कोयला चोरी के एक मामले का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 1000 किलोग्राम चोरी किया गया रेलवे का कच्चा कोयला बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार 27 मार्च 2026 को जमुनियाटांड़ हॉल्ट के पास खड़ी एक मालगाड़ी से स्थानीय लोगों द्वारा कोयला चोरी किए जाने की सूचना RPF को मिली थी। सूचना के बाद RPF की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मालगाड़ी रवाना हो चुकी थी। पुलिस को देखकर कोयला लेकर भाग रहे कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। इस मामले में RPF पोस्ट धनबाद में कांड संख्या 08/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी में शामिल प्रदीप भुइयाँ और अमरजीत चौहान, दोनों निवासी सिजुआ क्षेत्र, चोरी किए गए कोयले को झाड़ियों में छिपाकर रखे हुए हैं और उसे लेने आने वाले हैं।

सूचना के आधार पर RPF की टीम ने रविवार तड़के जमुनियाटांड़ क्षेत्र में घेराबंदी की। सुबह करीब 3:30 बजे दोनों आरोपी झाड़ियों में छिपाए गए कोयले को इकट्ठा करते हुए पकड़े गए। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 1000 किलो चोरी का कच्चा कोयला बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 27 मार्च को रुकी हुई कोयला लदी मालगाड़ी से 10-15 अन्य लोगों के साथ मिलकर कोयला उतारा था। RPF की टीम को आता देख वे कोयला झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गए थे। आरोपियों ने बताया कि कोयले का उपयोग घर में जलावन के रूप में करने की योजना थी।

RPF ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रेलवे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....