HomeJharkhand Newsमहिला दिवस पर रांची रेल मंडल ने चलाई महिला स्पेशल ट्रेन, महिला...

महिला दिवस पर रांची रेल मंडल ने चलाई महिला स्पेशल ट्रेन, महिला कर्मियों ने संभाली पूरी जिम्मेदारी

रांची : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रांची रेल मंडल ने एक अनूठी पहल की। एक विशेष ट्रेन चलाई गई, जिसमें ट्रेन संचालन से लेकर सुरक्षा और टिकट जांच तक की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपी गई। इस ऐतिहासिक कदम के तहत ट्रेन की लोको पायलट, गार्ड, टीटीई और आरपीएफ सुरक्षाकर्मी सभी महिलाएं रहीं।

महिला कर्मियों द्वारा इस विशेष ट्रेन का परिचालन दक्षिण पूर्व रेलवे के निर्देशानुसार किया गया। स्टेशन पर टिकट बुकिंग से लेकर अन्य कार्य भी महिला रेल कर्मियों ने संभाले, जिससे यह दिवस और भी खास बन गया।

महिला कर्मियों का उत्साह

रांची रेल मंडल की महिला टीटीई एस. एन. नायडू ने कहा, “आज हर महिला को यह महसूस करना चाहिए कि वह किसी भी कार्य को पूरी दक्षता और आत्मविश्वास के साथ कर सकती है।”

ट्रेन की लोको पायलट दीपाली अमृत ने कहा, “आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। पुरुषों और समाज के अन्य वर्गों के सहयोग से महिलाएं आगे बढ़ रही हैं और सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।”

रेलवे अधिकारियों का संदेश

रांची रेल मंडल के डीसीएम निशांत कुमार ने कहा कि यह पहल समाज में महिलाओं की समान भागीदारी को दर्शाती है। उन्होंने कहा, “आज इस ट्रेन के संचालन की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं के कंधों पर है। इससे यह संदेश जाता है कि महिलाएं किसी भी कार्य में पुरुषों के समान सक्षम हैं।”

यात्रियों में उत्साह

रांची से टोरी जाने वाली इस महिला संचालित ट्रेन को लेकर यात्रियों में भी उत्साह देखा गया। महिलाओं को जिम्मेदारी संभालते देख यात्रियों ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।

इस विशेष पहल के माध्यम से रेलवे ने समाज को यह संदेश दिया कि महिलाएं हर क्षेत्र में समान अवसर और सम्मान की हकदार हैं।

रांची से जयंत कुमार की रिपोर्ट…

KK Sagar
KK Sagar
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....

Most Popular