पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल और ज्यादा गरमा गया है। दो चरणों की वोटिंग के बाद जहां सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, वहीं अब री-पोलिंग को लेकर सियासत तेज हो गई है। चुनाव आयोग के निर्देश पर आज साउथ परगना जिले की दो अहम सीटों—मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर—के 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है।
चुनाव आयोग को कुल 77 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान की मांग मिली थी। शिकायतों में EVM से छेड़छाड़ और मशीनों में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए थे। इन शिकायतों की जांच के बाद इलेक्शन ऑब्जर्वर्स की रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने 15 बूथों पर री-पोलिंग का फैसला लिया।
आज सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग जारी रहेगी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित हो सके।
डायमंड हार्बर सीट के 4 बूथ—117, 179, 194 और 243—पर फिर से मतदान हो रहा है। वहीं मगराहाट वेस्ट सीट के 11 बूथ—46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232—पर मतदाता दोबारा अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
री-पोलिंग के इस फैसले ने राज्य की सियासत को और गर्मा दिया है। अब सभी की नजरें इन सीटों पर टिक गई हैं, जहां दोबारा मतदान के नतीजे चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।

