होली नजदीक आते ही दिल्ली-एनसीआर से बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड जाने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। नियमित ट्रेनों में सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं और वेटिंग लिस्ट लगातार लंबी होती जा रही है। यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए उत्तर रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। इस बार होली के मौके पर 300 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, ताकि लोग आसानी से अपने घर पहुंच सकें।
इस वर्ष 4 मार्च को होली का पर्व मनाया जाएगा। अनुमान है कि 28 फरवरी से ही बड़ी संख्या में यात्री अपने गृह राज्यों की ओर रवाना होना शुरू कर देंगे। इसी भीड़ को संभालने के लिए उत्तर रेलवे ने अपने विभिन्न स्टेशनों से करीब 300 होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। इनमें बड़ी संख्या में ट्रेनें आनंद विहार, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों से चलाई जाएंगी।
सूत्रों के मुताबिक, बीते वर्ष होली के दौरान करीब 250 विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं। इस बार यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रेनों की संख्या में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। अब तक करीब 100 ट्रेनों की घोषणा हो चुकी है, जबकि शेष ट्रेनों की जानकारी अगले सप्ताह जारी की जाएगी। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी रूट पर अचानक ज्यादा भीड़ होती है, तो वहां अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी तुरंत चलाई जाएंगी।
सुरक्षा के लिहाज से भी इस बार खास तैयारी की गई है। पिछले वर्ष फरवरी में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के तीनों प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। स्टेशनों पर एंबुलेंस के साथ डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत प्राथमिक उपचार मिल सके। इसके अलावा रेलवे अस्पताल में इस अवधि के दौरान 30 बेड आरक्षित रखे जाएंगे।
रेलवे के इस फैसले से होली पर घर जाने वाले लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है

