बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बिहार का सियासी पारा हाई है। बांकीपुर उपचुनाव के लिए कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। हालांकी, मुख्य मुकाबला बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा और जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। इस बीच लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बीजेपी के प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को लेकर बीजेपी पर तंज कसा है।
नीरज सिन्हा को बताया बीजेपी का ‘जबरिया दुल्हा’
रोहिणी आचार्य अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर भाजपा को घेरा है। सोशल मीडिया पर नीरज सिन्हा का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे रोहिणी ने भी मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। रोहिणी ने सवाल किया है कि बीजेपी का ‘जबरिया दुल्हा’ चुनावी फेरे ले पाएगा या नहीं?
रोहिणी का बीजेपी पर तंज
रोहिणी आचार्य ने वीडियो पोस्ट करने के साथ ही एक्स पर लिखा है, “बिहार में ‘जबरिया विवाह/जबरिया दुल्हा ‘ बनाने की कहानियां तो बहुत सुनी थीं, जहा लड़के को अगवा करके जबरन सिंदूर दान करवा दिया जाता था, लेकिन राजनीतिक.संदर्भ में पटना की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की सीट पर पहली बार ‘जबरिया उम्मीदवारी’ का लाइव नजारा बीजेपी के सौजन्य से ही देखने को मिला है!”
प्रत्याशी बदलने पर भी रोहिणी ने साधा निशाना
लालू की बेटी ने आगे लिखा है, पहले बीजेपी ने बड़े गाजे-बाजे के साथ किसी अभिषेक कुमार सिन्हा का टिकट फाइनल किया, लड्डू बांटे गए, बीजेपी के नेताओं की बारात सज गयी , लगा कि दूल्हा सात फेरे लेने को तैयार है, लेकिन अगले ही दिन खबर आई कि ‘पारिवारिक कारणों’ से दूल्हे ने चुनावी फेरे लेने से इनकार कर दिया। अब जब बारात दरवाजे पर खड़ी हो और दूल्हा गायब हो जाए, तो इज्जत बचाने के लिए आनन-फानन में क्या किया जाता है ? वही, जो पुरानी फिल्मों में होता था—”दुल्हे के छोटे भाई या बगल के किसी सीधे-साधे लड़के को पकड़ो, सेहरा पहनाओ और मंडप में बिठा दो!” बीजेपी ने भी यही किया।
नीरज सिन्हा को प्रत्याशी बनाने पर बोलीं ‘जबरिया नीति’
मात्र कुछ ही घंटों के भीतर ‘जबरिया नीति’ अपनाते हुए किसी नीरज कुमार सिन्हा को बुलाया गया, उसके सिर पर पार्टी का सिंबल (सेहरा) बांधा गया और कहा गया “बाबू अब इज्जत दांव पर लगी है, बस किसी तरह से कमलगट्टों की फ़ौज व् निक्कर गैंग की लाज बचाओ।” अब देखना दिलचस्प है कि ‘जबरिया दुल्हा’ चुनावी मंडप में टिक कर चुनावी फेरे ले पाता है या फेरों के बीच ही बैठ जाता है !!
वीडियो में क्या है जिसपर रोहिणी ने बीजेपी को घेरा?
रोहिणी आचार्य ने जिस वीडियो को शेयर किया है, उसमें भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ नजर आ रहे हैं। नामांकन के बाद वह लोगों को प्रणाम करते हैं। इस दौरान जैसे ही मीडिया उनसे सवाल करना शुरू करती है, संजय सरावगी उन्हें अपनी बाह से नीचे की ओर निकालते हुए पीछे भेजते हुए दिखाई दे रहे हैं।

