धनबाद रेलवे स्टेशन पर तीसरी बार शराब तस्करी में पकड़ी गई महिला, आरपीएफ ने किया गिरफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) धनबाद ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए रेलवे परिसर से 4 लीटर देशी महुआ शराब के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार 10 जून 2026 को निरीक्षक प्रभारी के निर्देशन में आरपीएफ पोस्ट धनबाद की गठित टास्क टीम ने स्टेशन के दक्षिणी छोर स्थित जनता ब्रिज के पास रेलवे क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान एक महिला को दो प्लास्टिक की बोतलों में रखी गई देशी महुआ शराब के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

1200 रुपये मूल्य की शराब जब्त

आरपीएफ ने महिला के कब्जे से दो प्लास्टिक बोतलों में कुल 4 लीटर महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1200 रुपये बताई गई है। सुबह 9:30 बजे विधिवत जब्ती सूची तैयार कर महिला को गिरफ्तार किया गया।

पहले भी दो बार हो चुकी है गिरफ्तारी

गिरफ्तार महिला की पहचान सितावती उर्फ बेंगी देवी के रूप में हुई है, जो छाईगद्दा पुराना बाजार, थाना बैंकमोड़, जिला धनबाद की रहने वाली है। आरपीएफ के अनुसार, महिला को इससे पहले भी 22 मार्च 2026 और 3 अप्रैल 2026 को इसी तरह के मामलों में गिरफ्तार कर उत्पाद विभाग को सौंपा जा चुका है।

उत्पाद विभाग को सौंपा गया मामला

आरपीएफ ने मामले में आगे की कार्रवाई के लिए गिरफ्तार महिला और जब्त शराब को उत्पाद विभाग धनबाद के सुपुर्द कर दिया है। रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि रेलवे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन सतर्क के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....