सम्राट चौधरी का पीएम मोदी को खास चिट्ठी, जानें किन खास मुद्दों पर की चर्चा

Neelam
By Neelam
5 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के लगातार 12 वर्ष पूरे हो गए हैं। इस खास अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी पत्र लिखकर बधाई दी है।इस पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल और उनके कुशल नेतृत्व की सराहना की है। पत्र में उन्होंने बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में समृद्ध बिहार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

नालंदा विश्वविद्यालय के पुनरुद्धार का जिक्र

अपने विस्तृत और खास पत्र में मुख्यमंत्री ने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए लिखा कि चाणक्य, आर्यभट्ट, नालंदा और विक्रमशिला जैसी महान परंपराओं वाली इस भूमि को प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में नई पहचान मिली है। उन्होंने विशेष रूप से नालंदा विश्वविद्यालय के पुनरुद्धार और उसके नए परिसर के उद्घाटन का जिक्र करते हुए इसे बिहार के गौरव की पुनर्स्थापना बताया।

जेपी और कर्पूरी ठाकुर के योगदान को किया याद

पत्र में सम्राट चौधरी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने आपातकाल के खिलाफ बिहार से सम्पूर्ण क्रांति का शंखनाद कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर को सामाजिक न्याय और समानता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके विचार आज भी बिहार की विकास यात्रा का मार्गदर्शन कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने को पिछड़े, वंचित और उपेक्षित वर्गों के लिए सम्मान और गर्व का विषय बताया।

केंद्र की आर्थिक मदद का जिक्र

पत्र में सम्राट चौधरी ने बिहार को मिले केंद्रीय सहयोग का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में घोषित विशेष पैकेज से लेकर विभिन्न केंद्रीय योजनाओं तक राज्य को लगातार सहायता मिली है। उनके अनुसार राज्य के बजट और विकास परियोजनाओं में केंद्र सरकार की वित्तीय भागीदारी महत्वपूर्ण रही है।

राज्य के कनेक्टिविटी नेटवर्क की मजबूती का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसी महासेतु, गांधी सेतु के जीर्णोद्धार, नए पुलों के निर्माण और बिहार में स्वीकृत एक्सप्रेसवे परियोजनाओं ने राज्य के कनेक्टिविटी नेटवर्क को मजबूत किया है। सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देश के बाद बिहार में पहली बार पांच एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं को मंजूरी मिली। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण ट्रेनों, विशेष रूप से वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हुई। पटना मेट्रो का काम तेजी से चल रहा है और इस वर्ष के बजट में पटना से होकर गुजरने वाली हाई स्पीड ट्रेन की भी घोषणा की गई है।

एयरपोर्ट और स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार का उदाहरण

मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट और स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पटना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल राज्य के विकास की तस्वीर पेश करता है। इसके अलावा दरभंगा और पूर्णिया में नए एयरपोर्ट विकसित किए गए हैं, जबकि बिहटा एयरपोर्ट का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में बिहार के दूसरे एम्स का निर्माण दरभंगा में किया जा रहा है। साथ ही राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों के निर्माण में भी केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।

विकास के साथ विरासत एवं संस्कृति के संरक्षण

विकास के साथ विरासत एवं संस्कृति के संरक्षण पर भी आपका मार्गदर्शन हमें मिलता रहा है। आप अवगत हैं कि राज्य में माँ सीता की जन्मस्थली पुनौराधाम में एक भव्य मंदिर का निर्माण प्रारंभ किया गया है। केन्द्र सरकार के द्वारा इस स्थली को भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या से रेल सेवा एवं राम जानकी पथ से जोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त नालन्दा एवं गयाजी में भी कॉरिडोर बनाने की घोषणा की गयी है।

बधाई और भरोसे के साथ पत्र का समापन

अपने पत्र के समापन में सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार 12 साल के कार्यकाल के लिए बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में भारत आगे बढ़ा है तथा बिहार को भी विकास की नई गति मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र के सहयोग और मार्गदर्शन से राज्य आगे भी प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा और विकसित भारत के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Share This Article