‘सम्राट चौधरी के लोग गोदाम से 4 सिलेंडर ले गए’, पटना के गैस एजेंसी मालिक के दावे से हड़कंप

Neelam
By Neelam
2 Min Read

पूरे भारत में गैस सिलिंडर को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। सड़कों पर लोग सिलेंडर के लिए दौड़ लगाते दिख रहे हैं। बिहार में भी कुछ ऐसी ही हालत है। पटना में रसोई गैस के अवैध उठाव का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मंत्री और अधिकारियों का नाम लेकर गैस सिलेंडर हासिल करने की कोशिश का आरोप लगा है।

डिप्टी सीएम के नाम पर चार सिलेंडर उठा ले गए

एलपीजी संकट के बीच पटना के गर्दनीबाग के एक गैस एजेंसी के संचालक ने आरोप लगाया कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के यहां से एक एसडीओ चार-चार सिलेंडर उठा ले गए। बताया जा रहा है कि एक शख्स ने बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और पटना सदर एसडीएम के नाम का इस्तेमाल कर गैस एजेंसी से सिलेंडर उठवा लिया।

15 गैस सिलिंडर की मांग की गई

एजेंसी के संचालक सोनल कुमार ने कहा कि मेरे पास पटना डीएम का कॉल आया था। एसडीएम का कॉल आया था। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम पर आए लोगों ने 15 गैस सिलिंडर की मांग की थी। मैंने कहा कि मैं आपको गोदाम की चाभी दे देता हूं देख लीजिये, गैस नहीं हैं। गोदाम में चार सिलिंडर थे, उठाकर ले गए। 

सम्राट चौधरी की तरफ से आई सफाई

बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निजी सचिव शैलेंद्र कुमार ओझा ने उप मुख्यमंत्री कार्यालय से गैस एजेंसी के गोदाम से एलपीजी सिलेंडर मंगवाने से जुड़े आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा है कि सोशल मीडिया पर चल रही इस तरह की खबरें निराधार हैं। शैलेंद्र कुमार ओझा ने स्पष्ट कहा कि सम्राट चौधरी के कार्यालय में एसडीओ का कोई पद नहीं है। ऐसे में यह दावा कि कार्यालय में कार्यरत एसडीओ ने गैस एजेंसी के गोदाम से एलपीजी सिलेंडर मंगवाया या आपूर्ति के लिए दबाव बनाया, पूरी तरह झूठी और भ्रामक है।

Share This Article