झारखंड के चतरा-हजारीबाग सीमावर्ती क्षेत्र से सुरक्षा बलों के लिए बड़ी कामयाबी की खबर सामने आई है। केरेडारी थाना क्षेत्र के बुंडू जंगल में सुरक्षाबलों और भाकपा (माओवादी) संगठन के नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में संगठन के जोनल कमांडर सहदेव महतो उर्फ अनुज महतो और उसकी पत्नी महिला नक्सली नताशा समेत चार नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, खुफिया इनपुट के आधार पर कोबरा बटालियन और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ तेज हो गई। कई घंटों तक चली इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को मार गिराया।
मारे गए नक्सलियों में सहदेव महतो उर्फ अनुज महतो, जो संगठन का जोनल कमांडर बताया जा रहा है, और उसकी पत्नी नताशा शामिल हैं। इनके अलावा दो अन्य नक्सलियों की भी मौत हुई है, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घटनास्थल पर फिलहाल व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और तलाशी अभियान जारी है। मौके से हथियार, कारतूस और अन्य नक्सली सामग्री बरामद होने की भी सूचना है।
केरेडारी थाना प्रभारी विवेक कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई कोबरा बटालियन के साथ संयुक्त रूप से की गई, जिसमें चार नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में अलर्ट पर हैं और अभियान जारी है। राज्य में नक्सल विरोधी अभियान के तहत इस कार्रवाई को एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

