बिहार में स्व-गणना शुरू, घर बैठे खुद भरें अपनी जानकारी, जानें पूरा प्रोसेस

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में जनगणना 2027 की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग (जनगणना कोषांग) द्वारा भारत की जनगणना-2027 के तहत राज्य में आज से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह पहल जनगणना को अधिक सरल, सटीक और डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अंतिम तिथि एक मई रात 12 बजे तक

स्व-गणना करने की अंतिम तिथि एक मई रात 12 बजे तक है। 17 अप्रैल से एक मई तक बिहारवासी अपनी गणना मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय से माउस क्लिक कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यवासियों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

33 सवालों के जवाब भरने होंगे

स्व-गणना के तहत आप ऑनलाइन पोर्टल पर खुद अपने परिवार और घर की जानकारी भर सकेंगे। इस पोर्टल पर परिवार के मुखिया के नाम और परिवार के किसी एक सदस्य के मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद नागरिकों को 33 सवालों के जवाब भरने होंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त होने वाली सेल्फ एन्यूमरेशन (SE) आईडी को सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।

2 मई मकान सूचीकरण का कार्य

स्व-गणना की यह सुविधा 1 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक घर-घर सर्वेक्षण (मकान सूचीकरण) का कार्य किया जाएगा, जिसमें गणनाकार प्रत्येक घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।

स्व-गणना से समय की बचत और सटीक जानकारी

स्व-गणना के कई लाभ हैं। इससे समय की बचत होगी और जानकारी अधिक सटीक रूप में दर्ज हो सकेगी। साथ ही यह डिजिटल जनगणना को सफल बनाने में नागरिकों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। इसके जरिए परिवार की सही जानकारी सीधे सरकार तक पहुंचेगी, जिससे योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

Share This Article