सम्राट चौधरी के आवास के बाहर बढ़ी सुरक्षा, क्या मिलने वाली है सीएम की कुर्सी?

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार की राजनीति में आज की तारीख एक बड़े ऐतिहासिक बदलाव की गवाह बनने जा रही है। पटना के सियासी गलियारों में हलचल तेज है। तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रमों और उनसे निकले संकेतों ने बिहार के आगामी राजनीतिक परिदृश्य की ओर भी काफी कुछ इशारा किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे और नई सरकार के गठन की चर्चाओं के बीच सबसे बड़ी हलचल उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर देखी जा रही है। 

सम्राट का आवास बना सुरक्षा का अभेद्य घेरा

पटना के ‘5 देश रत्न मार्ग’ स्थित सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर मंगलवार सुबह से ही सुरक्षा का अभेद्य घेरा बना दिया गया है। सचिवालय के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की देखरेख में आवास के 100 मीटर के दायरे को खाली करा दिया गया है। अब बिना अनुमति किसी की भी एंट्री संभव नहीं है।

सत्ता की कमान चौधरी के हाथों में जाने के संकेत

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी सलाहकार और प्रधान सचिव दीपक कुमार ने सोमवार को सम्राट चौधरी से लंबी मुलाकात की थी। बिहार के राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा की भी सम्राट चौधरी से मुलाकात हुई। जानकारों के अनुसार, यह मुलाकात केवल सामान्य शिष्टाचार या प्रशासनिक व्यवहार भर नहीं, बल्कि सत्ता हस्तांतरण के ब्लूप्रिंट पर अंतिम चर्चा माना जा रहा है।

सोमवार पूरे दिन चला मेल-मुलाकातों का दौर

इससे पहले सोमवार का पूरा दिन मेल-मुलाकातों के नाम रहा। सम्राट चौधरी के आवास पर जेडीयू और बीजेपी के बड़े नेताओं का तांता लगा हुआ दिखा। बीजेपी के वरिष्ठ नेता राधा मोहन सिंह ने सम्राट चौधरी से मुलाकात कर साफ कर दिया कि अगला मुख्यमंत्री एनडीए का ही होगा और नाम पहले से तय है। ललन सिंह, संजय झा और जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत बीजेपी के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने उनसे मुलाकात की। बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी भी सम्राट के आवास पर पहुंचे थे। 

Share This Article