बिहार को आज नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। 20 साल से बिहार के सीएम रहे नीतीश कुमार सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक करेंगे। इसमें कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लगाएंगे। इसके बाद वह जनता दल यूनाईटेड के विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार अपना इस्तीफा राज्यपाल सैयद अता हसनैन को सौंपेंगे।
11 बजे नीतीश कैबिनेट की अंतिम बैठक
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिन की शुरुआत सुबह 10:30 बजे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी। इसके बाद 10:45 बजे वे सचिवालय के लिए रवाना होंगे। सुबह 11 बजे उनकी अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी, जिसे मौजूदा सरकार की आखिरी बैठक माना जा रहा है। इसके बाद 11:30 बजे सामूहिक फोटोग्राफी कार्यक्रम आयोजित होगा।
जेडीयू और भाजपा विधायक दलों की बैठक
कैबिनेट बैठक के बाद सियासी गतिविधियां और तेज हो जाएंगी। एक तरफ जेडीयू तो दूसरी तरफ भाजपा दोनों अपने-अपने विधायक दल की बैठक करेंगे, जहां आगे की रणनीति और नेतृत्व को लेकर चर्चा होगी। दोपहर 3:10 बजे नीतीश कुमार लोकभवन से प्रस्थान करेंगे और 3:15 बजे राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपेंगे।
शाम 4 बजे एनडीए विधानमंडल दल की बैठक
इसके बाद बिहार विधानसभा सेंट्रल हॉल में एनडीए विधानमंडल दल की बैठक होगी। इसमें बीजेपी और जदयू अपने-अपने नेता का नाम लेकर पहुंचेंगे। वहीं बैठक में एनडीए के सहयोगी दल लोजपा रामविलास, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक भी मौजूद रहेंगे। यहां बतौर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के लिए नेताओं का नाम रखा जाएगा और इसी के साथ बिहार की नई सियासी सूरत तय हो जाएगी।
नई सरकार का शपथ ग्रहण कल
वहीं, नई सरकार का शपथ ग्रहण कल राजभवन में प्रस्तावित है। 15 अप्रैल यानी कल सुबह 11 बजे बिहार की नई सरकार आकार ले लेगी। कल के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या गृहमंत्री अमित शाह शामिल हो सकते हैं। वहीं, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज ही बिहार पहुंच जाएंगे।

