शमिक भट्टाचार्य बनेंगे बंगाल भाजपा के नए अध्यक्ष, नामांकन दाखिल, निर्विरोध चुना जाना तय

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। कोलकाता : पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष पद के लिए शमिक भट्टाचार्य ने अपना नामांकन दाखिल कर लिया है। बुधवार दोपहर कोलकाता के साल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय में उन्होंने यह कदम उठाया, और उनके निर्विरोध चुने जाने की संभावना प्रबल मानी जा रही है। नामांकन के दौरान वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और विधानसभा में विपक्ष के नेता शुवेंदु अधिकारी उनके साथ मौजूद थे।

अगर कोई अन्य उम्मीदवार नामांकन दाखिल नहीं करता, तो शमिक को सुकांत मजूमदार के उत्तराधिकारी के रूप में घोषित किया जाएगा। शमिक बीते सोमवार को दिल्ली गए थे, जहां उन्होंने गृह मंत्रालय की स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लिया। उसी शाम उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आवास पर भी आमंत्रित किया गया था।

भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने शमिक के नामांकन पर खुशी जताते हुए कहा, ‘शमिक भट्टाचार्य हमारे अनुभवी और समर्पित नेता हैं। उनके नेतृत्व में और शुवेंदु अधिकारी के मार्गदर्शन में हम 2026 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरेंगे। हमारी पार्टी नीतियों पर चलती है, न कि व्यक्तियों पर। हमारा लक्ष्य बंगाल को बचाना, सरकार बदलना और सुशासन लाना है।’

Advertisement

शमिक के नेतृत्व में बंगाल भाजपा 2026 के चुनावों में नई रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। उनकी नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश और संगठन में मजबूती आने की उम्मीद है।

Share This Article