डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात पोटका थाना क्षेत्र के चमाईजुड़ी गांव (धिरोल पंचायत) से सामने आई है। जहां एक कलयुगी बेटे ने मामूली घरेलू विवाद में अपने ही 55 वर्षीय पिता अनिरुद्ध तांती की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।
5 साल की दूरी भी नहीं मिटा सकी नफरत की आग
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी बेटा विजय पात्र पिछले करीब पांच साल से अपने परिवार से अलग रह रहा था। लंबे समय से चल रहा यह पारिवारिक विवाद इतना गहरा चुका था कि अलग रहने के बाद भी नफरत कम नहीं हुई। बीती रात करीब 11 बजे किसी बात को लेकर पिता-पुत्र में कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते आरोपी विजय आपा खो बैठा और उसने डंडे से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने के कारण अनिरुद्ध तांती खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पास के लोग जुड़ते, तब तक आरोपी वारदात को अंजाम दे चुका था।
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी की तलाश में पुलिस
स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पोटका पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। खून से लथपथ अनिरुद्ध को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए जमशेदपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। घटना के बाद से ही आरोपी बेटा विजय पात्र फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

