Jamshedpur: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का बड़ा मौका, पूर्वी सिंहभूम में 20 जून से शुरू होगा ‘एसआईआर’ का काम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के नागरिकों के लिए एक जरूरी खबर है। जिले में आगामी 20 जून से एसआईआर का काम शुरू होने जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य वोटर लिस्ट (मतदाता सूची) को पूरी तरह से अपडेट करना और उन योग्य नागरिकों की पहचान करना है, जिनका नाम किसी वजह से वोटर लिस्ट में शामिल होने से छूट गया है। जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की है।

प्री-एसआईआर मैपिंग से छूटे वोटरों की होगी तलाश
​प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस अभियान के तहत सबसे पहले प्री-एसआईआर मैपिंग का सहारा लिया जाएगा। इसके जरिए ऐसे लोगों की खोज की जाएगी जो मतदाता बनने के योग्य हैं लेकिन अभी तक उनका नाम लिस्ट में नहीं है।

इन लोगों को दिया जाएगा गणना प्रपत्र
​जिनकी प्री-एसआईआर में मैपिंग हो चुकी है या नहीं हुई है।
​ऐसे नागरिक जिनका नाम साल 2003 की वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है।

इन लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कटेंगे
​अभियान के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त वेरिफिकेशन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि इन श्रेणियों के लोगों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा जाएगा या जांच के बाद उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे।
अनुपस्थित : जो लोग अपने दिए गए पते पर नहीं मिल रहे हैं।
शिफ्टेड : जो लोग उस स्थान को छोड़कर कहीं और जा चुके हैं।
मृतक : जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है।
डुप्लीकेट : जिनके नाम एक से ज्यादा जगह दर्ज हैं।

नाम जुड़वाने के लिए देने होंगे ये दस्तावेज
​वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने के लिए प्रशासन की ओर से तय किए गए 13 वैध दस्तावेजों में से कोई भी एक दस्तावेज देना अनिवार्य होगा।

प्रक्रिया की मुख्य बातें
​सबसे पहले नागरिकों द्वारा जमा किए गए डॉक्युमेंट्स की गहन जांच की जाएगी।
​इसके बाद एक सुनवाई प्रक्रिया होगी।
​जो लोग इस जांच और सुनवाई में पास होंगे, उनके नाम सम्मानपूर्वक वोटर लिस्ट में जोड़ दिए जाएंगे।
​वही जांच और सुनवाई में फेल होने वाले लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए जाएंगे।

अगर आप भी पूर्वी सिंहभूम के निवासी हैं और आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, तो 20 जून से शुरू हो रहे इस अभियान का लाभ उठाएं और अपने दस्तावेजों के साथ तैयार रहें।

Share This Article