डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले में चोरी की दो बड़ी वारदातों का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आमदा ओपी क्षेत्र की गुलुगुलिया बस्ती में हुई इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद किए हैं। सरायकेला सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडू और थाना प्रभारी विनय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 5 अगस्त को खरसावां और 19 अगस्त को आमदा ओपी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने गुलुगुलिया बस्ती स्थित ललन मोदी उर्फ टिक्का मोदी के घर पर दबिश दी, तो वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर ललन मोदी को दबोच लिया।
अलमारी के नीचे छिपाई गई थी प्लास्टिक की पोटली
घर की गहन तलाशी के दौरान अलमारी के नीचे जमीन पर छिपाकर रखी गई एक प्लास्टिक की पोटली बरामद हुई। इसे खोलने पर उसमें भारी मात्रा में आभूषण मिले। पुलिस द्वारा सामान के वैध कागजात मांगे जाने पर आरोपी कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
एक ही परिवार के 4 आरोपी गिरफ्तार
ललन मोदी उर्फ टिक्का मोदी, अनु मोदी, रूपा मोदी, कुंती मोदी
27 तरह के गहने और कीमती सामान जब्त
पुलिस ने मौके से सोने के लॉकेट, झुमके, नथनी, ताबीज, चांदी की पायल, चेन, अंगूठियां, बिछिया, कड़ा, दुल्हन का पंजा, बच्चों के चांदी के बेरे, कमरखोसनी, हार, सिक्के और चांदी के बिस्कुट समेत कुल 27 प्रकार के सामान बरामद किए हैं।इसके अलावा एक एमआई ब्रांड का मोबाइल फोन और टाइटन की कलाई घड़ी भी जब्त की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपी ललन मोदी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मानगो थाने में दो और चक्रधरपुर थाने में एक मामला पहले से दर्ज है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के तार हाल ही में राजबांध में हुई चोरी की घटना से भी जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

