धनबाद मंडल में सख्त टिकट चेकिंग अभियान: 109 यात्री पकड़े गए, 31,920 रुपये वसूले

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। रेलवे यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करने से रोकने के लिए धनबाद मंडल में बड़े पैमाने पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक धनबाद रेलवे मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान सुनियोजित ढंग से धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर में संचालित हुआ।

जांच के दौरान कुल 109 यात्रियों को नियमों के उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्री, बिना वैध प्राधिकार पत्र के यात्रा करने वाले और बिना बुक किए गए सामान के साथ सफर कर रहे यात्री शामिल थे। पकड़े गए यात्रियों से कुल 31,920 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही उन्हें भविष्य में उचित टिकट के साथ यात्रा करने की सख्त हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ भी देखी गई, जो यह दर्शाता है कि जांच का प्रभाव सकारात्मक रहा है। टिकट चेकिंग टीमों ने सिर्फ स्टेशनों पर ही नहीं, बल्कि मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सघन जांच की।

धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल की ओर से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफार्म पर उचित टिकट के साथ प्रवेश करें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें। यह कदम रेलवे राजस्व की रक्षा और यात्रियों की सुविधा दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....