धनबाद। सदर अस्पताल धनबाद के अधीक्षक से जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने स्पष्टीकरण तलब किया है। इस संबंध में जिला परिषद अध्यक्ष की ओर से आधिकारिक पत्र जारी किया गया है, जिसकी प्रति सामने आई है। पत्र में अस्पताल से जुड़े कार्यों को लेकर अधीक्षक की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं।
पत्र के अनुसार, सदर अस्पताल धनबाद में आयुष्मान एवं मुख्यमंत्री रख रखाव योजना के अंतर्गत चल रहे और पूर्ण हो चुके कार्यों की समीक्षा को लेकर 10 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे जिला परिषद कार्यालय में उपस्थित होने के लिए अधीक्षक को पत्र निर्गत किया गया था। लेकिन निर्धारित तिथि और समय पर अधीक्षक न तो जिला परिषद कार्यालय पहुंचे और न ही उनकी ओर से किसी प्रकार की सूचना दी गई।
अनुशासनहीनता का आरोप
जिला परिषद अध्यक्ष ने पत्र में स्पष्ट किया है कि बिना सूचना के अनुपस्थित रहना आपके कार्य के प्रति अनुशासनहीनता का घोतक है। इसे गंभीरता से लेते हुए अधीक्षक से जवाब मांगा गया है।
27 जनवरी तक स्पष्टीकरण अनिवार्य
पत्र में निर्देश दिया गया है कि सदर अस्पताल अधीक्षक 27 जनवरी 2026 (मंगलवार) तक अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें और अधोहस्ताक्षरी के समक्ष उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त और जिला परिषद को भेजी गई प्रति
इस पत्र की प्रतिलिपि उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद धनबाद तथा उपायुक्त, धनबाद को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

